गौतमबुद्धनगर: सेक्टर-94 में जापानी थीम पर बन रहा विश्वस्तरीय पार्क, नोएडा की अंतरराष्ट्रीय पहचान को मिलेगा नया आयाम!!
!!वरिष्ठ संवाददाता देव गुर्जर!!
दो टूक//नोएडा। शहर को वैश्विक स्तर पर और अधिक आकर्षक एवं विकसित बनाने की दिशा में एक बड़ा कदम उठाते हुए सेक्टर-94 में जापानी थीम पर अत्याधुनिक “जापानी पार्क” का निर्माण तेजी से किया जा रहा है। लगभग 8.76 करोड़ रुपये की लागत से विकसित हो रहा यह पार्क न केवल शहर की खूबसूरती बढ़ाएगा, बल्कि लोगों को सुकून, स्वास्थ्य और प्रकृति के करीब लाने का भी काम करेगा।
नोएडा आज हाईराइज इमारतों, आधुनिक फ्लाईओवर, स्टेडियम, सुगम यातायात व्यवस्था, मेट्रो कनेक्टिविटी और औद्योगिक व संस्थागत विकास के चलते देश-विदेश में अपनी खास पहचान बना चुका है। इस पहचान को मजबूत करने में उद्यान विभाग का योगदान भी अहम रहा है, जो लगातार शहर में हरियाली बढ़ाने के लिए नए-नए पार्क और ग्रीन स्पेस विकसित कर रहा है।
इसी कड़ी में सेक्टर-94 में बन रहा जापानी पार्क शहर की पहचान को एक नई ऊंचाई देगा। इस पार्क का निर्माण कार्य तेजी से चल रहा है और सिविल कार्य लगभग 70 प्रतिशत पूरा हो चुका है। जल्द ही यहां उद्यान से जुड़े कार्य भी शुरू किए जाएंगे, जिसके बाद यह पार्क शहरवासियों के लिए एक प्रमुख आकर्षण केंद्र बन जाएगा।
नोएडा में इससे पहले भी कई थीम आधारित पार्क विकसित किए जा चुके हैं, जिनमें वेस्ट टू वंडर पार्क (सेक्टर-94), वेद वन (सेक्टर-78), औषधि पार्क (सेक्टर-91), बायोडायवर्सिटी पार्क (सेक्टर-137) और विभिन्न वेटलैंड पार्क शामिल हैं। इन सभी प्रयासों ने नोएडा को हरियाली और पर्यावरण संरक्षण के क्षेत्र में एक उदाहरण के रूप में स्थापित किया है।
स्वास्थ्य और मानसिक सुकून का मिलेगा केंद्र
प्राधिकरण के अनुसार, इस जापानी पार्क का मुख्य उद्देश्य आसपास स्थित आईटी कंपनियों में कार्यरत कर्मचारियों और सुपरनोवा बिल्डिंग में रहने वाले लोगों को एक शांत और हराभरा वातावरण उपलब्ध कराना है। यह पार्क लोगों के मानसिक तनाव को कम करने और उन्हें प्रकृति के बीच समय बिताने का अवसर प्रदान करेगा।
विश्वस्तरीय सुविधाओं से होगा लैस
इस आधुनिक पार्क में आगंतुकों के लिए कई आकर्षक और उपयोगी सुविधाएं विकसित की जा रही हैं। इनमें वाटर बॉडी के साथ सुंदर ब्रिज, एम्फीथिएटर, फूड कोर्ट, मोरम व स्टोन से बने पाथवे, विविध प्रजातियों के पेड़-पौधे, पर्याप्त पार्किंग व्यवस्था, एडमिन ब्लॉक, स्वच्छ टॉयलेट, जापानी शैली के गज़ेबो हट, शांत वातावरण वाला ज़ेन गार्डन, आकर्षक एंट्री प्लाज़ा और बच्चों के लिए विशेष प्ले ज़ोन शामिल हैं।
नोएडा को मिलेगा नया पर्यटन केंद्र
विशेषज्ञों का मानना है कि जापानी थीम पर तैयार हो रहा यह पार्क आने वाले समय में नोएडा का एक प्रमुख पर्यटन स्थल बन सकता है। यह न केवल स्थानीय निवासियों बल्कि बाहरी पर्यटकों को भी अपनी ओर आकर्षित करेगा।
कुल मिलाकर, सेक्टर-94 का यह जापानी पार्क नोएडा के शहरी विकास, पर्यावरण संरक्षण और लोगों के जीवन स्तर को बेहतर बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल साबित होगा।।
