बुधवार, 29 अप्रैल 2026

गौतमबुद्धनगर: जेवर में दिल दहला देने वाली वारदात: सौतेले पिता ने 14 वर्षीय बेटी की हत्या कर शव झाड़ियों में छिपाया, पुलिस ने किया खुलासा!!

शेयर करें:


गौतमबुद्धनगर: जेवर में दिल दहला देने वाली वारदात: सौतेले पिता ने 14 वर्षीय बेटी की हत्या कर शव झाड़ियों में छिपाया, पुलिस ने किया खुलासा!!

 !!वरिष्ठ संवाददाता देव गुर्जर!!

ग्रेटर नोएडा/जेवर, 29 अप्रैल 2026।
दो टूक//गौतमबुद्धनगर के जेवर थाना क्षेत्र से एक बेहद सनसनीखेज और दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहां एक सौतेले पिता ने अपनी ही 14 वर्षीय बेटी की हत्या कर दी और शव को झाड़ियों में छिपाकर गुमशुदगी का झूठा मामला दर्ज करा दिया। पुलिस की गहन जांच और सतर्क कार्रवाई के बाद इस जघन्य अपराध का पर्दाफाश हुआ है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, 21 अप्रैल 2026 को ग्राम रोही आरआर कॉलोनी निवासी सुरेन्द्र ने थाना जेवर में शिकायत दर्ज कराई कि उसकी 14 वर्षीय पुत्री अंजली 20 अप्रैल को दूध लेने दुकान गई थी और वापस नहीं लौटी। परिजनों द्वारा काफी खोजबीन के बाद भी कोई सुराग न मिलने पर पुलिस ने गुमशुदगी का मामला दर्ज कर जांच शुरू की।

जांच के दौरान पुलिस को कई अहम सुराग मिले, जिससे मामला संदिग्ध प्रतीत हुआ। गहराई से पड़ताल करने पर यह चौंकाने वाला खुलासा हुआ कि मृतका का अपने सौतेले पिता सुरेन्द्र से अक्सर विवाद होता रहता था। इसी रंजिश के चलते 20 अप्रैल को आरोपी ने अंजली के साथ मारपीट की, जिससे उसकी मौत हो गई।

घटना के बाद आरोपी ने अपने अपराध को छिपाने के लिए शव को कानीगढ़ी और जेवर खादर के बीच यमुना पुस्ता रोड स्थित शीशम की झाड़ियों में छिपा दिया और खुद ही पुलिस में गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज करा दी, ताकि शक उससे दूर रहे।

थाना जेवर पुलिस ने 28 अप्रैल को आरोपी सुरेन्द्र को हिरासत में लेकर सख्ती से पूछताछ की, जिसके बाद उसकी निशानदेही पर झाड़ियों से अंजली का शव बरामद किया गया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।

इस मामले में पुलिस ने आरोपी सुरेन्द्र को मौके से गिरफ्तार कर लिया है और पहले दर्ज गुमशुदगी के मुकदमे को हत्या की धाराओं में परिवर्तित कर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।

यह घटना पूरे क्षेत्र में चर्चा का विषय बनी हुई है और लोगों को झकझोर कर रख दिया है। पुलिस कमिश्नरेट गौतमबुद्धनगर का कहना है कि आरोपी के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी और मामले की हर पहलू से जांच जारी है।