गौतमबुद्धनगर:नोएडा बनेगा ग्रीन मोबिलिटी हब: 13 EV बैटरी स्वैपिंग स्टेशन से इलेक्ट्रिक वाहनों को मिलेगा बढ़ावा!!
!!वरिष्ठ संवाददाता देव गुर्जर!!
दो टूक//नोएडा। स्वच्छ और सतत विकास की दिशा में एक बड़ा कदम उठाते हुए नोएडा औद्योगिक विकास प्राधिकरण ने शहर में इलेक्ट्रिक वाहनों को बढ़ावा देने के लिए महत्वाकांक्षी योजना शुरू की है। मुख्य कार्यपालक अधिकारी श्री कृष्ण कुमार करुणेश के निर्देशानुसार 27 अप्रैल 2026 को प्राधिकरण और हिंदुस्तान पेट्रोलियम कॉर्पोरेशन लिमिटेड (HPCL) के बीच एक महत्वपूर्ण समझौता (MoU) संपन्न हुआ। इस समझौते के तहत नोएडा के विभिन्न प्रमुख स्थानों पर 13 इलेक्ट्रिक व्हीकल (EV) बैटरी स्वैपिंग स्टेशन स्थापित किए जाएंगे।
यह पहल नोएडा को प्रदूषण मुक्त बनाने के साथ-साथ आधुनिक और स्मार्ट ट्रांसपोर्ट सिस्टम की ओर ले जाने में मील का पत्थर साबित हो सकती है। बैटरी स्वैपिंग सुविधा से खासकर दोपहिया और तिपहिया वाहन चालकों को बड़ी राहत मिलेगी, क्योंकि वे अपनी डिस्चार्ज बैटरी को कुछ ही मिनटों में फुल चार्ज बैटरी से बदल सकेंगे। इससे न केवल समय की बचत होगी, बल्कि चार्जिंग इंफ्रास्ट्रक्चर की कमी जैसी समस्या का भी समाधान होगा।
इस परियोजना की एक अहम विशेषता यह है कि सभी 13 स्टेशनों की स्थापना का पूरा खर्च HPCL द्वारा वहन किया जाएगा, जिससे नोएडा प्राधिकरण पर किसी प्रकार का आर्थिक बोझ नहीं पड़ेगा। इसके साथ ही रेवेन्यू शेयरिंग मॉडल के तहत प्राधिकरण को प्रति किलोवाट घंटा (KWh) ₹1 की दर से आय भी प्राप्त होगी, जो भविष्य में शहर के विकास कार्यों में सहायक सिद्ध होगी।
प्राधिकरण द्वारा चिन्हित किए गए स्थानों में सेक्टर-6, 29, 25A, 24, 63, 58, 61, 16A, 16, 18, 15 और एमिटी यूनिवर्सिटी के आसपास के क्षेत्र शामिल हैं, जहां इन स्टेशनों की स्थापना की जाएगी ताकि अधिकतम लोगों को इसका लाभ मिल सके।
विशेषज्ञों के अनुसार, यह परियोजना न केवल पर्यावरण संरक्षण की दिशा में एक मजबूत पहल है, बल्कि नोएडा को स्मार्ट सिटी के रूप में स्थापित करने और हरित ऊर्जा आधारित परिवहन को बढ़ावा देने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी। आने वाले समय में यह मॉडल अन्य शहरों के लिए भी प्रेरणा बन सकता है।।
