सोमवार, 6 अप्रैल 2026

गोण्डा- महिला अस्पताल में 14-15 साल के किशोरियों हेतु एचपीवी टीकाकरण का जिलाधिकारी ने किया शुभारंभ

शेयर करें:
गोण्डा- जिलाधिकारी प्रियंका निरंजन के द्वारा जिला महिला चिकित्सालय में सरवाइकल कैंसर से बचाव हेतु HPV टीकाकरण अभियान का शुभारंभ सोमवार को किया गया। जिले में यह अभियान अगले तीन माह तक आयोजित किया जाएगा। इस अभियान में वह किशोरी जिन्होंने 14वा जन्मदिन मना लिया हो और 15वां अभी नहीं आया हो, वही टीकाकरण के लिए पात्र होगी।
टीकाकरण के दौरान केवल एक डोज ही लगाई जाएगी जो कि जीवन भर पर्याप्त सुरक्षा प्रदान करेगी। जनपद में सभी 16 ब्लॉक मुख्यालय (CHC) और मुख्यालय पर जिला महिला चिकित्सालय में एक टीकाकरण सत्र सहित कुल 17 टीकाकरण सत्र का संचालन किया जाएगा।
इस अभियान के दौरान कुल करीब चालिस हजार बच्चियों का टीकाकरण अपेक्षित है। अभियान के उपरांत इस HPV वैक्सीन को नियमित टीकाकरण कार्यक्रम में शामिल कर लिया जाएगा और अपेक्षित आयु की बच्चियों के लिए टीकाकरण आगे जारी रहेगा। इस अभियान में सभी ऐसे विद्यालय जहां पर इस आयु वर्ग की बच्चियां शिक्षण हेतु अध्ययनरत है उनकी अहम भूमिका है। जिलाधिकारी ने कहा कि सभी ऐसे विद्यालयो से अपेक्षा है कि अपने यहां पात्र लाभार्थी की सूची (सहमति प्राप्त करने के उपरांत) तैयार कर ब्लॉक स्वास्थ्य इकाई को उपलब्ध कराते हुए टीकाकरण हेतु दिवस का आवंटन करा लें।
अभियान के शुभारंभ अवसर पर अपर निदेशक, स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण, देवीपाटन मंडल, मुख्य चिकित्सा अधिकारी, जिला प्रतिरक्षण अधिकारी, समस्त उप/ अपर मुख्य चिकित्सा अधिकारी, एमओआईसी, UPHC, जिला स्वास्थ्य शिक्षा सूचना अधिकारी, डीपीएम, डीसीपीएम, एनएचएम, समस्त डीएआईओ, सीएमएस, महिला चिकित्सालय सहित समस्त जनपद स्तरीय प्रतिनिधि WHO, UNDP, PHFI, JSI आदि लोग उपस्थित रहे।