लखनऊ :
मोहनलालगंज एसडीएम ने 12 नवनिर्वाचित सभासदों को दिलाई शपथ।
दो टूक : राजधानी लखनऊ के मोहनलालगंज तहसील क्षेत्र के अंतर्गत आने वाली मोहनलालगंज, नगराम, गोसाईगंज व अमेठी नगर पंचायतों के नवनिर्वाचित 12 सभासदों को शुक्रवार को मोहनलालगंज तहसील सभागार में पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई गई।
शपथ ग्रहण समारोह की अध्यक्षता एसडीएम पवन पटेल ने की, जबकि कार्यक्रम में पूर्व भाजपा जिलाध्यक्ष श्री कृष्ण लोधी भी विशेष रूप से मौजूद रहे।
एसडीएम पवन पटेल ने सभी नवनिर्वाचित सभासदों को अपने दायित्वों का ईमानदारी व निष्ठा के साथ निर्वहन करने की शपथ दिलाई। शपथ के बाद उपस्थित जनप्रतिनिधियों व पदाधिकारियों ने सभासदों को फूल-माला पहनाकर बधाई दी और उनके सफल कार्यकाल की कामना की।
हालांकि, शपथ ग्रहण समारोह में चारों नगर पंचायतों के चेयरमैन की अनुपस्थिति चर्चा का विषय बनी रही। इसको लेकर लोगों में तरह-तरह की चर्चाएं भी होती रहीं।
इस मौके पर एलडीबी अध्यक्ष अशोक तिवारी, प्रधान संघ अध्यक्ष देवेंद्र सिंह, पूर्व मंडल अध्यक्ष बजरंग वर्मा, पूर्व मंडल अध्यक्ष सुनील गुप्ता, पूर्व मंडल उपाध्यक्ष रघुवर सहित भाजपा के कई पदाधिकारी मौजूद रहे।
शपथ लेते हुए नव निर्वाचित सभासद की फोटो।
