शनिवार, 4 अप्रैल 2026

गौतमबुद्धनगर: नोएडा मुआवजा घोटाले का बड़ा राज खुलने के करीब! 10% कमीशन की परतें उधड़ीं, अब 13 जुलाई को सुप्रीम कोर्ट में होगा बड़ा खुलासा!!

शेयर करें:

गौतमबुद्धनगर: नोएडा मुआवजा घोटाले का बड़ा राज खुलने के करीब! 10% कमीशन की परतें उधड़ीं, अब 13 जुलाई को सुप्रीम कोर्ट में होगा बड़ा खुलासा!!

 !!वरिष्ठ संवाददाता देव गुर्जर!!

दो टूक// नोएडा:
नोएडा प्राधिकरण में सामने आए बहुचर्चित मुआवजा घोटाले की जांच अब ऐसे मोड़ पर पहुंच गई है, जहां बड़े खुलासों की संभावना तेज हो गई है। विशेष जांच दल (SIT) की प्रारंभिक जांच में अधिकारियों द्वारा करीब 10 प्रतिशत कमीशन लेने के संकेत मिलने से पूरे मामले में हड़कंप मच गया है।

SIT ने अपनी शुरुआती जांच रिपोर्ट Supreme Court of India को सौंप दी है। मामले की गंभीरता को देखते हुए सुप्रीम कोर्ट ने सख्त रुख अपनाते हुए SIT को निर्देश दिया है कि 13 जुलाई तक विस्तृत और अंतिम रिपोर्ट पेश की जाए। अब सभी की नजरें इस तारीख पर टिकी हैं, जब इस घोटाले से जुड़े बड़े राज सामने आ सकते हैं।

जांच के दायरे में गेझा तिलपताबाद, नगला चरणदास और भुड़ा गांव शामिल हैं, जहां मुआवजा वितरण में भारी अनियमितताओं की शिकायतें मिली थीं। इन गांवों के किसानों को दिए गए मुआवजे में गड़बड़ी और कथित भ्रष्टाचार के आरोपों की गहन पड़ताल की जा रही है।

सुप्रीम कोर्ट ने यह भी स्पष्ट किया है कि पिछले 15 वर्षों में नोएडा प्राधिकरण में तैनात रहे CEO, CLA, ACEO सहित सभी संबंधित अधिकारियों की भूमिका की जांच की जाए। इससे यह संकेत मिल रहा है कि जांच का दायरा काफी व्यापक है और कई बड़े नाम भी इसकी जद में आ सकते हैं।

गौरतलब है कि यह घोटाला वर्ष 2021 में उजागर हुआ था, जिसके बाद से लगातार इसकी जांच जारी है। अब SIT की रिपोर्ट में सामने आए तथ्यों ने इस मामले को और गंभीर बना दिया है।

मामले की अगली सुनवाई 13 जुलाई को होगी, जिसमें SIT अपनी पूरी रिपोर्ट अदालत के समक्ष पेश करेगी। इस सुनवाई से यह तय होने की उम्मीद है कि घोटाले के पीछे कौन-कौन जिम्मेदार हैं और आगे क्या कार्रवाई होगी।।