गोण्डा- थाना को0 देहात क्षेत्रान्तर्गत हुए ब्लाइंड मर्डर का पुलिस ने शनिवार को सफल अनावरण कर हत्याभियुक्त को गिरफ्तार करते हुए आलाकत्ल चाकू को बरामद किया। अपर पुलिस अधीक्षक पूर्वी मनोज कुमार रावत ने बताया कि थाना को0 नगर पुलिस द्वारा थाना स्थानीय में पंजीकृत मु0अ0सं0-232/2026,धारा 87 बीएनएस व बढोत्तरी 103(1), 238 बीएनएस से सम्बन्धित आरोपी हत्याभियुक्त अरुण कुमार पुत्र बैजनाथ कुम्हार निवासी चौगाई थाना काराकाट (गोड़ारी) जिला रोहतास (बिहार) को रेलवे स्टेशन गोण्डा से सोनी गुमटी को जाने वाली रोड पर से गिरफ्तार कर उसके निशादेही पर घटना में प्रयुक्त आलाकत्ल एक अदद चाकू बरामद किया गया।
अपर पुलिस अधीक्षक ने बताया कि बीते 30 मार्च को थाना को0 देहात पर वादी अशोक कुमार पुत्र रामनरेश निवासी भीटी भदवल थाना को० देहात गोण्डा ने सूचना दी कि उनकी पुत्री शीला (25 वर्ष) जो 29 मार्च को दोपहर में खेत पर गयी थी, जो अबतक घर वापस नहीं आयी है। काफी तलाश की गयी लेकिन कोई जानकारी नहीं मिली। प्राप्त तहरीर के आधार पर थाना कोतवाली देहात पर मु0अ0सं0 232/2026 धारा 87 बीएनएस पंजीकृत किया गया। दो अप्रैल को थाना को0 देहात क्षेत्रान्तर्गत ग्राम भदावल में एक गन्ने के खेत में एक युवती के शव पड़े होने की सूचना पुलिस को मिली, जिस पर तत्काल पुलिस एवं उच्चाधिकारियो द्वारा मौके पर पहुंचकर घटनास्थल का निरीक्षण किया गया, शव की शिनाख्त कराई गई तो वादी अशोक कुमार द्वारा बताया गया कि यह शव उनकी बेटी शीला का है। शिनाख्त के बाद शव को कब्जे में लेकर पंचायतनामा की कार्यवाही कर पोस्टमार्टम कराया गया तथा फील्ड यूनिट/डॉग स्क्वाड टीम को घटना स्थल पर बुलाकर साक्ष्य संकलन की कार्यवाही की गई।
एसपी विनीत जायसवाल ने पुलिस एसओजी/सर्विलांस सहित 4 पुलिस टीमों का गठन कर प्रभारी निरीक्षक कोतवाली देहात को घटना का शीघ्र अनावरण करने एवं अभियुक्त की जल्द से जल्द गिरफ्तारी हेतु आवश्यक दिशा निर्देश दिए थे। इसी क्रम में 4 अप्रैल को थाना को0 देहात पुलिस टीम द्वारा मैनुअल एवं तकनीकी साक्ष्य संकलन के आधार पर ब्लाइंड मर्डर का सफल अनावरण करते हुए घटना कारित करने वाले प्रकाश में आये हत्याभियुक्त अरुण कुमार पुत्र बैजनाथ कुम्हार नि0 चौगाई थाना काराकाट (गोड़ारी) जिला रोहतास (बिहार) को रेलवे स्टेशन गोण्डा से सोनी गुमटी को जाने वाली रोड पर से गिरफ्तार कर उसके निशादेही पर घटना में प्रयुक्त आलाकत्ल एक अदद चाकू बरामद किया गया। गिरफ्तार अभियुक्त के विरूद्ध थाना को0 देहात पुलिस द्वारा अग्रिम विधिक कार्यवाही की गई।
पूछताछ का विवरण-
पूछताछ के दौरान अभियुक्त अरुण ने बताया कि उसकी शीला (मृतका) से वर्ष 2022 में सोशल मीडिया के माध्यम से दोस्ती हुई थी, दोनों रील्स बनाकर सोशल मीडिया पर अपलोड करते थे, तभी से दोनों सम्पर्क में थे और वे कई बार मिल भी चुके थे। वह उससे प्यार करता था और सहयोग के रूप में शीला (मृतका) को उसने कई बार में करीब डेढ़ लाख रुपये नगद व ऑनलाइन माध्यम से दे चुका था। बीते 9.3.2026 को आखिरी बार उसने ऑनलाइन माध्यम से 11 हजार रु शीला (मृतका) को भेजे थे। इसके बाद भी शीला (मृतका) द्वारा बार - बार पैसे की मांग करते हुए उसपर दबाव बनाया जा रहा था। इसके अलावा आरोपी को शक था कि मृतका किसी अन्य लड़के से भी बातचीत करती है और उसको धोखा दे रही है, जिस कारण से उसका मृतका से मनमुटाव हो गया था। इससे क्षुब्ध होकर उसने शीला (मृतका) को ठिकाने लगाने की योजना बनाई और आरोपी, शीला (मृतका) से मिलने गोण्डा आया। बीते 29 मार्च को उसने मृतका को विश्वास में लेकर ग्राम भदवल के पास स्थित एक गन्ने के खेत में मिलने के लिए बुलाया और रील बनाने का बहाना बनाते हुए उसके दोनो हाथ पीछे करके रस्सी से बाँध दिये और चाकू से मृतका के गले पर वार करके योजनाबद्ध तरीके से उसकी हत्या कर दी और चाकू ले जाकर च्यवन मुनि आश्रम के पास झाड़ियों में छिपा दिया और उसके बाद वह मौके से फरार हो गया।
