बुधवार, 18 मार्च 2026

गौतमबुद्धनगर: ग्रेटर नोएडा में LPG संकट पर सपा का हल्ला बोल, कलेक्ट्रेट पर जोरदार प्रदर्शन!!

शेयर करें:

गौतमबुद्धनगर: ग्रेटर नोएडा में LPG संकट पर सपा का हल्ला बोल, कलेक्ट्रेट पर जोरदार प्रदर्शन!!

 !!वरिष्ठ संवाददाता देव गुर्जर!!

दो टूक// ग्रेटर नोएडा। रसोई गैस सिलेंडर की कथित किल्लत और कालाबाजारी के विरोध में समाजवादी पार्टी (सपा) के कार्यकर्ताओं ने मंगलवार को सूरजपुर स्थित कलेक्ट्रेट कार्यालय पर जोरदार प्रदर्शन किया। इस दौरान सपा नेताओं और कार्यकर्ताओं ने प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी करते हुए आम जनता को हो रही परेशानी को लेकर तत्काल कार्रवाई की मांग की।

प्रदर्शन का नेतृत्व सपा महिला सभा द्वारा किया गया, जहां बड़ी संख्या में कार्यकर्ताओं ने धरना देकर अपनी नाराजगी जाहिर की। प्रदर्शनकारियों का आरोप है कि जिले में रसोई गैस सिलेंडरों की भारी कमी है, जबकि दूसरी ओर कालाबाजारी के जरिए इन्हें ऊंचे दामों पर बेचा जा रहा है, जिससे आम लोगों को गंभीर दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।

सपा नेता मोहित नागर ने प्रशासन को चेतावनी देते हुए कहा कि यदि जल्द ही इस समस्या का समाधान नहीं किया गया तो पार्टी बड़े स्तर पर आंदोलन करने को मजबूर होगी। उन्होंने कहा कि सपा कार्यकर्ता जनता के हक के लिए सड़कों पर उतरने से पीछे नहीं हटेंगे।

प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं ने कलेक्ट्रेट प्रशासन को एक ज्ञापन भी सौंपा, जिसमें गैस आपूर्ति व्यवस्था को दुरुस्त करने और कालाबाजारी में शामिल लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की गई।

इस मौके पर सुधीर भाटी, शशि यादव, प्रशांत भाटी, महेंद्र नागर, वकील सिद्दीकी सहित कई प्रमुख कार्यकर्ता मौजूद रहे। सपा नेताओं ने कहा कि यदि प्रशासन ने समय रहते ठोस कदम नहीं उठाए, तो आने वाले दिनों में यह आंदोलन और तेज किया जाएगा।

जनता को राहत की मांग तेज, प्रशासन पर बढ़ा दबाव
लगातार बढ़ती शिकायतों और विपक्ष के इस विरोध प्रदर्शन के बाद अब प्रशासन पर जल्द से जल्द गैस आपूर्ति को सुचारू बनाने और कालाबाजारी पर अंकुश लगाने का दबाव बढ़ गया है।