बुधवार, 18 मार्च 2026

गौतमबुद्धनगर: भनौता में प्राधिकरण का बुलडोजर: 20 करोड़ की जमीन कब्जामुक्त, अवैध प्लॉटिंग पर बड़ी कार्रवाई!!

शेयर करें:

गौतमबुद्धनगर: भनौता में प्राधिकरण का बुलडोजर: 20 करोड़ की जमीन कब्जामुक्त, अवैध प्लॉटिंग पर बड़ी कार्रवाई!!

 !!वरिष्ठ संवाददाता देव गुर्जर!!

ग्रेटर नोएडा। प्राधिकरण ने अवैध अतिक्रमण के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए भनौता गांव में बुलडोजर चलाकर करीब 10 हजार वर्ग मीटर जमीन को कब्जा मुक्त कराया। इस जमीन की अनुमानित कीमत लगभग 20 करोड़ रुपये बताई जा रही है। कार्रवाई के दौरान अवैध निर्माण को एक तरफ से पूरी तरह साफ कर दिया गया, जिससे अवैध कॉलोनाइजरों में हड़कंप मच गया।

मंगलवार को हुई इस कार्रवाई को प्राधिकरण के सीईओ एनजी रवि कुमार के निर्देश पर अंजाम दिया गया। जानकारी के अनुसार, ग्राम भनौता के खसरा संख्या 387 पर कुछ कॉलोनाइजर अवैध प्लॉटिंग की तैयारी में थे। प्राधिकरण की टीम ने समय रहते मौके पर पहुंचकर निर्माण को ध्वस्त कर दिया और जमीन को कब्जामुक्त करा लिया।

सीईओ के निर्देश पर चला अभियान

प्राधिकरण के अधिकारियों ने बताया कि अधिसूचित क्षेत्र में अवैध निर्माण को लेकर लगातार निगरानी रखी जा रही है। सीईओ के निर्देश पर विशेष अभियान चलाकर ऐसे अतिक्रमणों को चिन्हित कर कार्रवाई की जा रही है। इस अभियान का मुख्य उद्देश्य अवैध कॉलोनियों के विकास को रोकना और सरकारी जमीन को सुरक्षित करना है।

एक घंटे में ध्वस्तीकरण, भारी पुलिस बल तैनात

परियोजना विभाग के वरिष्ठ प्रबंधक नरोत्तम सिंह के नेतृत्व में टीम ने मौके पर पहुंचकर बुलडोजर के जरिए अवैध निर्माण को गिराया। इस दौरान प्रबंधक रोहित गुप्ता सहित वर्क सर्किल-2 की टीम मौजूद रही। करीब एक घंटे तक चले इस अभियान में अवैध ढांचों को पूरी तरह ध्वस्त कर दिया गया। कार्रवाई के दौरान किसी भी तरह के विरोध या अवरोध से निपटने के लिए सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए थे।

लोगों को चेतावनी—खरीद से पहले करें जांच

प्राधिकरण के एसीईओ सुमित यादव ने स्पष्ट किया कि अधिसूचित क्षेत्र में किसी भी प्रकार का अवैध निर्माण पूरी तरह प्रतिबंधित है और इसे किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने लोगों से अपील की कि जमीन खरीदने से पहले प्राधिकरण से पूरी जानकारी जरूर प्राप्त करें, ताकि अवैध कॉलोनियों में निवेश कर आर्थिक नुकसान से बचा जा सके।

प्राधिकरण के जीएम एके सिंह ने भी कहा कि अवैध अतिक्रमण के खिलाफ इस तरह की कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी और किसी भी स्तर पर नियमों का उल्लंघन करने वालों को बख्शा नहीं जाएगा।।