गौतमबुद्धनगर: नवादा गांव का सख्त सामाजिक फैसला: लड़का-लड़की दोनों की शादी में DJ पर पूर्ण प्रतिबंध, उल्लंघन पर सामाजिक बहिष्कार!!
!!वरिष्ठ संवाददाता देव गुर्जर!!
ग्रेटर नोएडा, दनकौर।
दो टूक// दनकौर थाना क्षेत्र के नवादा गांव में ग्रामीणों ने एक अहम और सख्त सामाजिक निर्णय लेते हुए शादियों में DJ बजाने पर पूरी तरह प्रतिबंध लगा दिया है। खास बात यह है कि यह नियम लड़का हो या लड़की—दोनों पक्ष की शादियों पर समान रूप से लागू होगा। पंचायत में सर्वसम्मति से लिए गए इस निर्णय को सभी वर्गों के लोगों ने समर्थन दिया।
पंचायत में ग्रामीणों ने स्पष्ट कहा कि अब गांव में किसी भी शादी समारोह में DJ नहीं बजेगा, चाहे वह लड़के की बारात हो या लड़की का विवाह समारोह। यह निर्णय समानता और सामाजिक संतुलन को ध्यान में रखते हुए लिया गया है, ताकि किसी भी पक्ष के साथ भेदभाव न हो।
ग्रामीणों के अनुसार तेज आवाज में DJ बजने से ध्वनि प्रदूषण बढ़ता है, जिससे बुजुर्गों, बच्चों और बीमार लोगों को परेशानी होती है। इसी कारण गांव में शांतिपूर्ण माहौल बनाए रखने के उद्देश्य से यह कदम उठाया गया है। पंचायत ने चेतावनी दी है कि यदि कोई इस नियम का उल्लंघन करता है, तो उसके खिलाफ सामाजिक बहिष्कार जैसी सख्त कार्रवाई की जाएगी।
इस फैसले को गांव में एक सकारात्मक और अनुकरणीय पहल के रूप में देखा जा रहा है। पंचायत के दौरान ग्रामीणों ने अन्य सामाजिक कुरीतियों पर भी चर्चा की और उन्हें समाप्त करने का सामूहिक संकल्प लिया। बैठक में गांव की एकजुटता और सामाजिक जिम्मेदारी की भावना साफ नजर आई।
इस मौके पर चंद्रपाल सिंह, बालकिशन, त्रिलोक नागर, विक्रम मास्टर, लछि नागर, अजीत मास्टर, जयपाल, धर्मपाल, वेद नागर, धीरज नागर, मिश्री, हरचंदा, कालू, राजू, श्यामलाल, रतनलाल, बिशनपाल सहित कई गणमान्य ग्रामीण मौजूद रहे।
ग्रामीणों की इस पहल को क्षेत्र में एक मिसाल के रूप में देखा जा रहा है, जो सामाजिक सुधार, समानता और सामूहिक जिम्मेदारी की दिशा में एक मजबूत कदम है।।
