बुधवार, 4 मार्च 2026

गौतमबुद्धनगर: होली पर हाई अलर्ट: पुलिस कमिश्नरेट गौतमबुद्धनगर की सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लेने खुद सड़कों पर उतरीं लक्ष्मी सिंह!!

शेयर करें:

गौतमबुद्धनगर: होली पर हाई अलर्ट: पुलिस कमिश्नरेट गौतमबुद्धनगर की सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लेने खुद सड़कों पर उतरीं लक्ष्मी सिंह!!

 !!वरिष्ठ संवाददाता देव गुर्जर!!

दो टूक// गौतमबुद्धनगर, 04 मार्च 2026। होली पर्व के मद्देनज़र जनपद में शांति, कानून व्यवस्था और सुरक्षित माहौल सुनिश्चित करने के लिए पुलिस प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड में नजर आया। पुलिस कमिश्नर गौतमबुद्धनगर श्रीमती लक्ष्मी सिंह ने अपर पुलिस आयुक्त (कानून व्यवस्था) श्री राजीव नारायण मिश्र के साथ स्वयं क्षेत्र में भ्रमण कर सुरक्षा व्यवस्थाओं का स्थलीय निरीक्षण किया।

पुलिस कमिश्नर ने कमिश्नरेट के तीनों जोनों के विभिन्न थाना क्षेत्रों का दौरा कर तैनात पुलिस बल की तैयारियों का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि त्योहार के दौरान किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और सभी पुलिसकर्मी पूरी सतर्कता एवं जिम्मेदारी के साथ अपनी ड्यूटी निभाएं।

सीसीटीवी और ड्रोन से निगरानी, चप्पे-चप्पे पर पुलिस की नजर

निरीक्षण के दौरान पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती सुनिश्चित की गई। संवेदनशील एवं भीड़-भाड़ वाले स्थानों, मिश्रित आबादी वाले क्षेत्रों, बाजारों और प्रमुख चौराहों पर विशेष निगरानी रखने के निर्देश दिए गए। सीसीटीवी कैमरों और ड्रोन कैमरों के माध्यम से निगरानी की व्यवस्था को और सुदृढ़ किया गया है, ताकि किसी भी संदिग्ध गतिविधि पर तुरंत कार्रवाई की जा सके।

शराब पीकर वाहन चलाने वालों पर सख्ती

पुलिस कमिश्नर ने यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने पर विशेष जोर दिया। उन्होंने निर्देश दिए कि होली के अवसर पर शराब पीकर वाहन चलाने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए। चेकिंग अभियान, बैरिकेडिंग और पीआरवी वाहनों की मदद से लगातार गश्त करने के निर्देश भी दिए गए हैं, ताकि दुर्घटनाओं और अव्यवस्था की स्थिति को रोका जा सके।

सोशल मीडिया पर भी पैनी नजर

पुलिस प्रशासन सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर भी लगातार निगरानी रखे हुए है। किसी भी प्रकार की आपत्तिजनक, भड़काऊ या अफवाह फैलाने वाली पोस्ट करने वालों के विरुद्ध कठोर वैधानिक कार्रवाई की चेतावनी दी गई है। अधिकारियों को निर्देशित किया गया है कि अफवाहों पर तत्काल संज्ञान लेकर स्थिति को नियंत्रित किया जाए।

इस मौके पर संबंधित डीसीपी, एडीसीपी, एसीपी, थाना प्रभारी एवं अन्य पुलिस अधिकारी मौजूद रहे।

त्योहार के दौरान शांति एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण बनाए रखने के लिए पुलिस प्रशासन ने नागरिकों से भी सहयोग की अपील की है, ताकि होली का पर्व हर्षोल्लास और सुरक्षित वातावरण में संपन्न हो सके !!