रविवार, 22 मार्च 2026

गोंडा- दतौली स्थित बलरामपुर चीनी मिल की मनकापुर इकाई के बॉयलर सेक्शन में काम कर रहे कर्मचारी की अचानक गिरकर हुई मौत

शेयर करें:
गोंडा- दतौली स्थित बलरामपुर चीनी मिल की मनकापुर इकाई में रविवार को बॉयलर सेक्शन में काम कर रहे एक अनुभवी कर्मचारी की अचानक गिरकर मौत हो गई। घटना के बाद मिल परिसर में अफरा- तफरी का माहौल बन गया। आनन-फानन में कर्मचारी को अस्पताल ले जाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने उन्हें 'ब्रॉट डेड' घोषित कर दिया। ​मिली जानकारी के अनुसार, देवरिया जिले के गौरी बाजार, डुमरी गांव निवासी वीरेंद्र पांडेय (51) मिल में 'सीड क्रिस्टेलाइड ऑपरेटर' के रूप में कार्यरत थे। रविवार दोपहर बाद जब वे बॉयलर के पास ड्यूटी कर रहे थे, तभी अचानक वे बेसुध होकर जमीन पर गिर पड़े। पास में काम कर रहे सहकर्मियों ने जब उन्हें अचेत अवस्था में देखा, तो उनके हाथ-पांव फूल गए। मिल के डॉक्टर ने तत्काल मौके पर पहुंचकर प्राथमिक जांच की, लेकिन हालत नाजुक देखते हुए उन्हें फौरन सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र मनकापुर भेजा गया। वहाँ तैनात डॉ. डीके भास्कर ने पुष्टि की और कहा कि मिल की एम्बुलेंस से जब कर्मचारी को अस्पताल लाया गया, तब उनकी मृत्यु हो चुकी थी। मनकापुर कोतवाल अरविंद कुमार सिंह ने बताया कि पुलिस ने शव को कब्जे में ले लिया है और देवरिया स्थित उनके परिवार को सूचना दे दी गई है।