गाज़ियाबाद: मैनापुर इंडस्ट्रियल एरिया में भड़की भीषण आग, दो फैक्ट्रियां खाक; कई जिलों से पहुंचीं दमकल की गाड़ियां!!
!!वरिष्ठ संवाददाता देव गुर्जर!!
दो टूक// गाजियाबाद। मधुबन बापूधाम थाना क्षेत्र के मैनापुर इंडस्ट्रियल एरिया में गुरुवार रात भीषण आग लगने से हड़कंप मच गया। आग अरविंद केमिकल और सरल स्क्रैप कंपनी की फैक्ट्रियों में लगी, जिसने देखते ही देखते विकराल रूप ले लिया। आग की लपटें और धुएं का गुबार दूर-दूर तक दिखाई देने लगा, जिससे पूरे इंडस्ट्रियल एरिया में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
फायर विभाग के अनुसार रात करीब 8:56 बजे फायर स्टेशन कोतवाली को आग लगने की सूचना मिली। सूचना मिलते ही दमकल विभाग की गाड़ियां मौके पर पहुंच गईं, लेकिन आग की तीव्रता को देखते हुए आसपास के जिलों से भी मदद मंगानी पड़ी। गाजियाबाद के साथ-साथ नोएडा, हापुड़ और मेरठ से भी दमकल की गाड़ियां बुलाई गईं। कुल मिलाकर 20 से ज्यादा फायर ब्रिगेड की गाड़ियां आग बुझाने में जुट गईं।
बताया जा रहा है कि फैक्ट्री में केमिकल और स्क्रैप सामग्री होने के कारण आग तेजी से फैल गई। तेज लपटों और गर्मी के कारण फैक्ट्री का टीनशेड ढांचा भी भरभराकर नीचे गिर गया, जिससे आग पर काबू पाने में दमकल कर्मियों को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ा।
दमकल विभाग की टीम ने कई घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। राहत की बात यह रही कि दमकल कर्मियों की तत्परता के चलते आसपास स्थित करीब छह अन्य फैक्ट्रियों को आग की चपेट में आने से बचा लिया गया, जिससे बड़ा हादसा टल गया।
घटना के दौरान पूरे इलाके में धुएं का घना गुबार छा गया था और आसपास के लोगों में दहशत का माहौल बन गया। फिलहाल आग लगने के कारणों की जांच की जा रही है। शुरुआती तौर पर शॉर्ट सर्किट या केमिकल रिएक्शन की आशंका जताई जा रही है, हालांकि पुलिस और फायर विभाग मामले की जांच में जुटे हुए हैं।।
