गौतमबुद्धनगर: नोएडा आईवी काउंटी मर्डर केस का खुलासा: 3 आरोपी गिरफ्तार, नाबालिग भी हिरासत में; हत्या में इस्तेमाल पिस्टल और कार बरामद!!
!!वरिष्ठ संवाददाता देव गुर्जर!!
दो टूक// नोएडा। सेक्टर-113 थाना पुलिस ने होली के दिन हुए सनसनीखेज साहिल सिंघल हत्याकांड का खुलासा करते हुए बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस ने इस मामले में तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जबकि एक नाबालिग को पुलिस अभिरक्षा में लिया गया है। आरोपियों के कब्जे से हत्या में प्रयुक्त .32 बोर की पिस्टल, दो जिंदा कारतूस और घटना में इस्तेमाल की गई बिना नंबर की फ्रॉन्क्स कार बरामद की गई है।
पुलिस के अनुसार 6 मार्च 2026 को थाना सेक्टर-113 की टीम ने लोकल इंटेलिजेंस की मदद से कार्रवाई करते हुए मु0अ0सं0 0066/2026 धारा 103(1)/3(5) बीएनएस व 3/25/27 आर्म्स एक्ट में वांछित आरोपियों को पर्थला डूब क्षेत्र कब्रिस्तान सर्विस रोड से गिरफ्तार किया।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान लब्बु उर्फ लोकेन्द्र सोलंकी (26), निखिल सोलंकी (24) और प्रिया सिंह (28) के रूप में हुई है। तीनों गाजियाबाद के कविनगर थाना क्षेत्र स्थित विष्णु एन्क्लेव के रहने वाले हैं। वहीं घटना में शामिल एक 16 वर्षीय बाल अपचारी को भी पुलिस ने हिरासत में लिया है।
पुलिस जांच में सामने आया कि 4 मार्च 2026 को आरोपियों ने नोएडा के सेक्टर-75 स्थित आईवी काउंटी सोसाइटी के मार्केट में साहिल सिंघल को गोली मार दी थी। गोली लगने के बाद साहिल गंभीर रूप से घायल हो गया था। उसे तुरंत अस्पताल ले जाया गया, जहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी मौके से अपनी फ्रॉन्क्स कार में सवार होकर फरार हो गए थे।
घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की और आसपास के सीसीटीवी फुटेज, सर्विलांस और मुखबिर तंत्र की मदद से आरोपियों की पहचान करते हुए उनकी तलाश शुरू कर दी। लगातार दबिश के बाद पुलिस टीम ने चारों आरोपियों को पकड़ने में सफलता हासिल की।
पुलिस के मुताबिक आरोपियों के कब्जे से एक .32 बोर पिस्टल, दो जिंदा कारतूस और घटना में इस्तेमाल की गई बिना नंबर की फ्रॉन्क्स कार बरामद की गई है।
फिलहाल पुलिस गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ कर रही है और हत्या के पीछे के कारणों के साथ-साथ घटना से जुड़े अन्य पहलुओं की भी गहन जांच की जा रही है। वहीं नाबालिग को किशोर न्याय बोर्ड के समक्ष पेश करने की प्रक्रिया की जा रही है।।
