शुक्रवार, 27 मार्च 2026

गौतमबुद्धनगर: ग्रेटर नोएडा में फूड पॉइजनिंग का बड़ा मामला: चटपटे मोमोज बने बच्चों के लिए मुसीबत, एक दर्जन बीमार!!

शेयर करें:

गौतमबुद्धनगर: ग्रेटर नोएडा में फूड पॉइजनिंग का बड़ा मामला: चटपटे मोमोज बने बच्चों के लिए मुसीबत, एक दर्जन बीमार!!

 !!वरिष्ठ संवाददाता देव गुर्जर!!

दो टूक// ग्रेटर नोएडा/दादरी: शहर में स्ट्रीट फूड की गुणवत्ता को लेकर एक बार फिर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। दादरी तहसील क्षेत्र में एक ही दुकान से मोमोज खाने के बाद करीब एक दर्जन बच्चे और लोग अचानक बीमार पड़ गए। सभी को उल्टी, पेट दर्द, सिर दर्द और तेज बुखार जैसी शिकायतों के बाद आनन-फानन में दादरी के सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज जारी है।

 एक ही दुकान से खरीदे गए थे मोमोज

प्राप्त जानकारी के अनुसार, दादरी तहसील के पास स्थित एक मोमोज की दुकान से दो अलग-अलग परिवारों ने मोमोज खरीदे थे। मोमोज खाने के कुछ ही समय बाद बच्चों और अन्य लोगों की तबीयत बिगड़ने लगी। देखते ही देखते सभी को समान लक्षण महसूस हुए, जिससे परिजनों में हड़कंप मच गया।

अस्पताल में चल रहा इलाज

परिजन तुरंत सभी को दादरी के सरकारी अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों की टीम ने प्राथमिक उपचार शुरू किया। डॉक्टरों के मुताबिक, शुरुआती जांच में यह मामला फूड पॉइजनिंग का प्रतीत हो रहा है। सभी मरीजों की हालत फिलहाल स्थिर बताई जा रही है, लेकिन कुछ बच्चों को निगरानी में रखा गया है।

स्वच्छता पर उठे सवाल

इस घटना के बाद इलाके में स्ट्रीट फूड की गुणवत्ता और साफ-सफाई को लेकर चिंता बढ़ गई है। स्थानीय लोगों का कहना है कि बिना जांच और लाइसेंस के कई ठेले और छोटी दुकानें खाद्य पदार्थ बेच रही हैं, जिनकी गुणवत्ता पर कोई नियंत्रण नहीं है।

प्रशासन से कार्रवाई की मांग

घटना के बाद लोगों ने प्रशासन से संबंधित दुकान की जांच करने और खाद्य सुरक्षा मानकों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। उम्मीद जताई जा रही है कि स्वास्थ्य विभाग जल्द ही मौके पर पहुंचकर जांच करेगा और आवश्यक कदम उठाएगा।

सावधानी ही बचाव: विशेषज्ञों का कहना है कि बाहर का खाना खाते समय स्वच्छता का विशेष ध्यान रखें और संदिग्ध खाद्य पदार्थों से बचें, खासकर बच्चों को सड़क किनारे मिलने वाले खुले खाद्य पदार्थ न खिलाएं।।