गौतमबुद्धनगर: नोएडा के बरौला गांव में बड़ा हादसा: गैस लीकेज से लगी आग, तीन युवक गंभीर रूप से झुलसे!!
दो टूक// नोएडा | थाना सेक्टर-49 क्षेत्र के बरौला गांव में गुरुवार देर शाम एक दर्दनाक हादसा सामने आया, जहां खाना बनाते समय अचानक गैस सिलेंडर से लीक हुई गैस ने आग पकड़ ली। इस भीषण हादसे में तीन युवक गंभीर रूप से झुलस गए, जिससे इलाके में अफरा-तफरी मच गई।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, घर में सामान्य रूप से खाना बनाया जा रहा था, तभी अचानक सिलेंडर से गैस का रिसाव होने लगा। देखते ही देखते गैस ने आग पकड़ ली और आग की लपटों ने वहां मौजूद तीन युवकों—शिवम, अनु और शनि—को अपनी चपेट में ले लिया।
आग लगते ही आसपास के लोगों में हड़कंप मच गया। स्थानीय लोगों ने तत्परता दिखाते हुए किसी तरह आग पर काबू पाया और घायलों को तुरंत नजदीकी जिला अस्पताल पहुंचाया।
डॉक्टरों के अनुसार, तीनों युवक बुरी तरह झुलस चुके थे और उनकी हालत बेहद गंभीर बनी हुई थी। प्राथमिक उपचार के बाद उनकी नाजुक स्थिति को देखते हुए उन्हें बेहतर इलाज के लिए दिल्ली के सफदरजंग अस्पताल रेफर कर दिया गया है।
इस घटना ने एक बार फिर घरेलू गैस उपकरणों के उपयोग में लापरवाही के खतरनाक परिणामों को उजागर किया है। विशेषज्ञों का कहना है कि गैस सिलेंडर, पाइप और रेगुलेटर की नियमित जांच और सतर्कता ऐसे हादसों को रोकने में अहम भूमिका निभा सकती है।
फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी है और हादसे के कारणों का पता लगाया जा रहा है !!
