गौतमबुद्धनगर:-एलपीजी पर सख्ती: कालाबाजारी व अवैध रिफिलिंग के खिलाफ गौतमबुद्धनगर में चला बड़ा अभियान, कई गैस एजेंसियों की जांच!!
!!वरिष्ठ संवाददाता देव गुर्जर!!
गौतमबुद्धनगर, 20 मार्च 2026
दो टूक// जनपद में घरेलू एलपीजी गैस के दुरुपयोग, कालाबाजारी और अवैध रिफिलिंग पर रोक लगाने के लिए प्रशासन पूरी तरह एक्शन मोड में नजर आ रहा है। जिलाधिकारी के निर्देश पर चलाए जा रहे सघन जांच अभियान के तहत विभिन्न विभागों की संयुक्त टीमों ने जिलेभर में व्यापक स्तर पर निरीक्षण किया।
इस अभियान के अंतर्गत उपजिलाधिकारी एवं नगर मजिस्ट्रेट की अगुवाई में बाट-माप विभाग, खाद्य एवं रसद विभाग तथा ऑयल कंपनियों के अधिकारियों की टीमों का गठन कर अलग-अलग क्षेत्रों में छापेमारी और जांच की गई। कार्रवाई का मुख्य उद्देश्य एलपीजी गैस के वितरण में पारदर्शिता सुनिश्चित करना और अवैध गतिविधियों पर पूरी तरह अंकुश लगाना रहा।
जिला पूर्ति अधिकारी ने जानकारी देते हुए बताया कि जांच के दौरान नोएडा और ग्रेटर नोएडा क्षेत्र में संचालित कई प्रमुख गैस एजेंसियों का निरीक्षण किया गया। इनमें सेक्टर-54 स्थित मिथिला गैस गोदाम, आराधिका भारत गैस गोदाम और गौरव इंटरप्राइजेज गैस गोदाम के साथ-साथ सांई विनय भारत गैस एजेंसी (नोएडा), महालक्ष्मी एचपी गैस एजेंसी (ग्रेटर नोएडा) और जेवर इंडेन गैस एजेंसी का भी गहन निरीक्षण किया गया।
निरीक्षण के दौरान सभी गैस एजेंसियों पर एलपीजी सिलेंडरों की पर्याप्त उपलब्धता पाई गई। साथ ही बाट-माप, लाइसेंस और अन्य आवश्यक दस्तावेज भी अद्यतन और नियमों के अनुरूप मिले, जिससे वितरण व्यवस्था संतोषजनक पाई गई।
इसके अलावा, घरेलू गैस सिलेंडरों की कालाबाजारी और अवैध रिफिलिंग पर रोक लगाने के उद्देश्य से जनपद के विभिन्न क्षेत्रों में परचून की दुकानों पर भी छापेमारी की गई। जांच के दौरान किसी भी दुकान पर गैस रिफिलिंग से जुड़ी सामग्री या घरेलू सिलेंडर नहीं पाए गए। हालांकि, सभी दुकानदारों को सख्त हिदायत दी गई कि भविष्य में किसी भी प्रकार की अवैध गैस रिफिलिंग या भंडारण गतिविधि में संलिप्त पाए जाने पर कठोर कार्रवाई की जाएगी।
जिला पूर्ति अधिकारी ने स्पष्ट किया कि यह अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा, ताकि एलपीजी और पेट्रोलियम उत्पादों की सप्लाई में पारदर्शिता बनी रहे और आम जनता को किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े।।
