गौतमबुद्धनगर: नोएडा में शिवा बजाज एजेंसी के खिलाफ भड़का आक्रोश, किसान यूनियन व ऑटो यूनियन ने दी बड़े आंदोलन की चेतावनी!!
!!वरिष्ठ संवाददाता देव गुर्जर!!
दो टूक// नोएडा। जनपद में वाहन एजेंसी से जुड़े विवाद ने अब बड़ा रूप ले लिया है। किसान यूनियन और ऑटो यूनियन ने संयुक्त रूप से एक आपातकालीन बैठक कर शिवा बजाज एजेंसी के मालिक के खिलाफ आर-पार की लड़ाई का ऐलान कर दिया है। बैठक में आंदोलन की रणनीति तैयार की गई और प्रशासन को कड़ा संदेश देने का निर्णय लिया गया।
बैठक के बाद यूनियन प्रतिनिधियों ने एआरटीओ नंदकुमार को ज्ञापन सौंपते हुए एजेंसी मालिक के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की। यूनियन नेताओं का आरोप है कि एजेंसी संचालक द्वारा मनमानी और नियमों की खुलेआम अनदेखी की जा रही है।
भाकियू लोकशक्ति के परिवहन मंत्री एवं ऑटो यूनियन के अध्यक्ष ओमप्रकाश गुर्जर ने बताया कि एजेंसी मालिक ने फोन पर एआरटीओ प्रशासन और यूनियन पदाधिकारियों को धमकाने का प्रयास किया। आरोप है कि एजेंसी संचालक ने खुद को सत्ता से जुड़ा बताते हुए कहा कि “यह एजेंसी योगी बाबा की है, मेरा कोई कुछ नहीं बिगाड़ सकता।”
यूनियन का दावा है कि एजेंसी द्वारा वाहनों की कीमत में भारी अनियमितता की जा रही है। एक वाहन की एक्स-शोरूम कीमत ₹2,25,828 और रोड टैक्स ₹18,300 मिलाकर कुल कीमत ₹2,44,128 बनती है, लेकिन ग्राहकों से ₹2,74,400 वसूले जा रहे हैं। यानी प्रति वाहन करीब ₹30,272 की अतिरिक्त वसूली का आरोप लगाया गया है।
इसके अलावा, एजेंसी पर यह भी आरोप है कि वह नोएडा में संचालन के बावजूद गाड़ियों की बिलिंग गाजियाबाद से कर रही है, जिससे स्थानीय नियमों की अवहेलना हो रही है। यूनियन के अनुसार, एजेंसी को नोएडा में कार्यभार संभाले 47 दिन हो चुके हैं, फिर भी यहां से विधिवत संचालन नहीं किया जा रहा।
यूनियन नेताओं ने आरोप लगाया कि एजेंसी मालिक द्वारा गौतमबुद्ध नगर और गाजियाबाद की जनता तथा परिवहन विभाग को भी धमकाया गया है। उन्होंने मांग की है कि संबंधित एजेंसी का ट्रेड सर्टिफिकेट तत्काल प्रभाव से रद्द किया जाए और उसके खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाए।
आंदोलन की चेतावनी:
यूनियन ने साफ कहा है कि यदि समय रहते कार्रवाई नहीं हुई तो 24 मार्च 2026 (मंगलवार) को एआरटीओ कार्यालय, सेक्टर-33 नोएडा पर विशाल धरना-प्रदर्शन किया जाएगा।
इस बैठक में चौधरी ओमप्रकाश गुर्जर, पवन पंडित, गोविंद मंडल, ठाकुर सुधीर, सतवीर सोलंकी, धनंजय शाह, अर्मेंद्र नगर, मिट्ठू राय, अर्पित, सुदीप सिंह, अरुण दादा, शिवराज सिंह, शीशपाल, संजय हालदार, अतुल तिवारी, निम्मी खटाना, रविंद्र कुमार, सुरेंद्र पाल, लालू पाल, हनी, शंभू दादा, जसवंत पाल, नरेंद्र पाल, मनोज यादव, वीपी सिंह सहित अनेक पदाधिकारी व कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
