गौतमबुद्धनगर: होली और रमजान को लेकर अलर्ट मोड पर गौतमबुद्धनगर पुलिस, कमिश्नर लक्ष्मी सिंह ने किया फ्लैग मार्च!!
दो टूक// गौतमबुद्धनगर। आगामी होली पर्व और पवित्र रमजान माह को शांतिपूर्ण, सुरक्षित और सौहार्दपूर्ण वातावरण में सम्पन्न कराने के उद्देश्य से लक्ष्मी सिंह के नेतृत्व में पुलिस कमिश्नरेट गौतमबुद्धनगर पूरी तरह सक्रिय नजर आ रही है। इसी क्रम में पुलिस कमिश्नर ने स्वयं विभिन्न संवेदनशील क्षेत्रों का दौरा कर सुरक्षा व्यवस्थाओं का स्थलीय निरीक्षण किया तथा पुलिस बल के साथ सघन फ्लैग मार्च निकालकर कानून व्यवस्था के प्रति प्रशासन की गंभीरता का स्पष्ट संदेश दिया।
इस फ्लैग मार्च में अपर पुलिस आयुक्त (कानून-व्यवस्था) राजीव नारायण मिश्र तथा पुलिस उपायुक्त नोएडा साद मियां खान सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी और भारी संख्या में पुलिस बल मौजूद रहा। अनुशासित ढंग से किए गए इस मार्च ने आमजन के बीच सुरक्षा का भरोसा मजबूत किया।
पुलिस कमिश्नर द्वारा जनपद के प्रमुख बाजारों, मिश्रित आबादी वाले इलाकों, धार्मिक स्थलों और भीड़भाड़ वाले स्थानों का निरीक्षण किया गया। मौके पर मौजूद पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों को सतर्कता बरतने, संवेदनशील स्थानों पर विशेष निगरानी रखने तथा किसी भी स्थिति में त्वरित प्रतिक्रिया देने के निर्देश दिए गए।
निरीक्षण के दौरान पुलिस कमिश्नर ने स्थानीय नागरिकों, व्यापारियों एवं आमजन से संवाद स्थापित करते हुए अपील की कि वे त्योहारों को आपसी भाईचारे, पारस्परिक सम्मान और सामाजिक सौहार्द के साथ मनाएं। साथ ही उन्होंने आश्वस्त किया कि गौतमबुद्धनगर पुलिस हर नागरिक की सुरक्षा के लिए पूर्णतः प्रतिबद्ध है और त्योहारों के दौरान पुलिस की सक्रिय मौजूदगी लगातार बनी रहेगी।
पुलिस प्रशासन ने आमजन से अफवाहों से दूर रहने, सोशल मीडिया पर भ्रामक या भड़काऊ सामग्री साझा न करने और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को देने की अपील भी की है। सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत करने के लिए ड्रोन सर्विलांस और सोशल मीडिया मॉनिटरिंग के माध्यम से पूरे जनपद पर सतत नजर रखी जा रही है, ताकि किसी भी असामाजिक तत्व की गतिविधि पर तुरंत कार्रवाई की जा सके।
पुलिस कमिश्नर ने स्पष्ट किया कि त्योहारों के दौरान फ्लैग मार्च, पैदल गश्त और निगरानी अभियान लगातार जारी रहेंगे। कानून व्यवस्था को प्रभावित करने की कोशिश करने वाले असामाजिक तत्वों के खिलाफ सख्त और त्वरित वैधानिक कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।
गौतमबुद्धनगर पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि वे प्रेम, सौहार्द और जिम्मेदारी के साथ त्योहार मनाते हुए पुलिस प्रशासन का सहयोग करें, जिससे जनपद में सुरक्षित, शांतिपूर्ण और सकारात्मक माहौल कायम रखा जा सके।
