गौतमबुद्धनगर: होली और रमजान को लेकर नोएडा में हाई अलर्ट: थाना सेक्टर-126 पुलिस का फ्लैग मार्च, संदिग्धों की सघन चेकिंग!!
दो टूक// नोएडा में आगामी होली के पावन पर्व और रमजान माह को शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण माहौल में सम्पन्न कराने के उद्देश्य से पुलिस प्रशासन पूरी तरह सतर्क नजर आ रहा है। नोएडा पुलिस कमिश्नर के निर्देश पर कानून व्यवस्था और सुरक्षा को मजबूत बनाए रखने के लिए थाना सेक्टर-126 पुलिस द्वारा क्षेत्र में व्यापक स्तर पर पैदल मार्च किया गया।
थाना सेक्टर-126 प्रभारी निरीक्षक सुमनेश कुमार के नेतृत्व में पुलिस बल ने रायपुर गांव, पांच प्रतिशत क्षेत्र तथा सेक्टर-128 स्थित असगरपुर गांव मार्केट सहित अन्य भीड़-भाड़ वाले संवेदनशील इलाकों में फ्लैग मार्च निकाला। इस दौरान पुलिस ने आमजन को सुरक्षा का भरोसा दिलाते हुए शांति और भाईचारे के साथ त्योहार मनाने की अपील की।
पुलिस टीम ने क्षेत्र में संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों की सघन चेकिंग अभियान भी चलाया। आने-जाने वाले लोगों से पूछताछ की गई तथा संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखते हुए आवश्यक कार्रवाई की गई। इस कार्रवाई का मुख्य उद्देश्य त्योहारों के दौरान किसी भी प्रकार की असामाजिक गतिविधि को रोकना और कानून व्यवस्था को सुदृढ़ बनाए रखना है।
थाना प्रभारी ने स्थानीय नागरिकों, व्यापारियों और बाजार संघों से संवाद करते हुए अपील की कि किसी भी संदिग्ध व्यक्ति या गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को दें, ताकि समय रहते उचित कार्रवाई सुनिश्चित की जा सके।
नोएडा पुलिस का यह सक्रिय अभियान स्पष्ट संकेत देता है कि त्योहारों के दौरान सुरक्षा व्यवस्था से किसी भी प्रकार का समझौता नहीं किया जाएगा और क्षेत्र में शांति एवं सद्भाव बनाए रखने के लिए पुलिस पूरी तरह मुस्तैद है।।
