मंगलवार, 31 मार्च 2026

गौतमबुद्धनगर: नोएडा में स्वच्छ पेयजल की बड़ी पहल: हरौला में अत्याधुनिक वाटर एटीएम का उद्घाटन, हजारों लोगों को मिलेगा लाभ!!

शेयर करें:

गौतमबुद्धनगर: नोएडा में स्वच्छ पेयजल की बड़ी पहल: हरौला में अत्याधुनिक वाटर एटीएम का उद्घाटन, हजारों लोगों को मिलेगा लाभ!!

 !!वरिष्ठ संवाददाता देव गुर्जर!!

दो टूक// नोएडा, 31 मार्च 2026। नोएडा क्षेत्र के नागरिकों को स्वच्छ और शीतल पेयजल उपलब्ध कराने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम उठाते हुए जल विभाग ने HDFC बैंक के सहयोग से ग्राम हरौला, सेक्टर-4/5 के समीप अत्याधुनिक वाटर एटीएम स्थापित किया है। इस वाटर एटीएम का विधिवत उद्घाटन गौतमबुद्धनगर के माननीय सांसद डॉ. महेश शर्मा एवं नोएडा के माननीय विधायक श्री पंकज सिंह द्वारा किया गया। इस अवसर पर HDFC बैंक लिमिटेड के प्रतिनिधि, विशेष कार्याधिकारी (के.एस.) एवं जल विभाग के महाप्रबंधक सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।

यह वाटर एटीएम HDFC बैंक के सीएसआर फंड के अंतर्गत स्थापित किया गया है, जिसका उद्देश्य आम जनता को सुलभ, स्वच्छ और सुरक्षित पेयजल उपलब्ध कराना है। इस सुविधा के शुरू होने से क्षेत्र के हजारों लोगों को सीधा लाभ मिलेगा, विशेषकर उन लोगों को जो स्वच्छ पेयजल की कमी से जूझ रहे थे।

नव स्थापित वाटर एटीएम की क्षमता 1200 लीटर प्रति घंटा है, जिसमें पानी को शुद्ध करने के लिए अत्याधुनिक तकनीकों का उपयोग किया गया है। इसमें अल्ट्रा वायलेट (UV) सिस्टम, ओज़ोनेटर, सैंड फिल्ट्रेशन, कार्बन फिल्ट्रेशन, 5-10 माइक्रोन फिल्ट्रेशन तथा पेबल्स फिल्ट्रेशन जैसी आधुनिक व्यवस्थाएं शामिल हैं। इसके अतिरिक्त पानी में मौजूद कठोरता, फ्लोराइड, क्लोराइड्स एवं अन्य अशुद्धियों को दूर करने के लिए रिवर्स ऑस्मोसिस (RO) प्रणाली भी लगाई गई है, जिससे उच्च गुणवत्ता का पेयजल सुनिश्चित किया जा सके।

जनसुविधा को ध्यान में रखते हुए वाटर एटीएम में ऑटोमैटिक कार्ड ऑपरेटेड वेंडिंग मशीन की व्यवस्था की गई है। इसके माध्यम से उपभोक्ता 20 लीटर तक पानी एक कार्ड से प्राप्त कर सकते हैं, वहीं 1 लीटर की क्षमता वाली मशीन से ठंडा और शुद्ध पानी भी उपलब्ध रहेगा।

जल विभाग द्वारा इस वाटर एटीएम का संचालन प्रतिदिन प्रातः 7 बजे से 12 बजे तक तथा सायं 5 बजे से 8 बजे तक निःशुल्क किया जाएगा, जिससे आम नागरिकों को नियमित रूप से इस सुविधा का लाभ मिल सके।

उल्लेखनीय है कि जल विभाग द्वारा नोएडा क्षेत्र में अब तक कुल 9 वाटर एटीएम सीएसआर फंड के माध्यम से स्थापित किए जा चुके हैं। यह पहल न केवल स्वच्छ पेयजल उपलब्ध कराने की दिशा में महत्वपूर्ण है, बल्कि पर्यावरण संरक्षण और जनस्वास्थ्य को बेहतर बनाने में भी अहम भूमिका निभा रही है।

इस प्रकार, हरौला क्षेत्र में शुरू हुई यह नई सुविधा नोएडा में विकास और जनकल्याण की दिशा में एक और मजबूत कदम साबित होगी।।