मंगलवार, 31 मार्च 2026

गौतमबुद्धनगर: ग्रेटर नोएडा वेस्ट में लिफ्ट फिर बनी ‘खौफ का कैदखाना’, 20 मिनट तक फंसी महिला बेहोश—हिमालय प्राइड सोसायटी में मेंटेनेंस पर गंभीर सवाल!!

शेयर करें:

गौतमबुद्धनगर: ग्रेटर नोएडा वेस्ट में लिफ्ट फिर बनी ‘खौफ का कैदखाना’, 20 मिनट तक फंसी महिला बेहोश—हिमालय प्राइड सोसायटी में मेंटेनेंस पर गंभीर सवाल!!

 !!वरिष्ठ संवाददाता देव गुर्जर!!

दो टूक//ग्रेटर नोएडा वेस्ट की हिमालय प्राइड सोसायटी में एक बार फिर लिफ्ट खराबी का मामला सामने आने से निवासियों में दहशत और गुस्सा दोनों बढ़ गया है। ताजा घटना में एक महिला करीब 20 मिनट तक लिफ्ट में फंसी रहीं और बाहर निकलते ही बेहोश होकर गिर पड़ीं। इस घटना ने सोसायटी में सुरक्षा और मेंटेनेंस व्यवस्था की पोल खोल दी है।

जानकारी के अनुसार, बी-10/14 टावर में रहने वाली शीला रोजाना की तरह लिफ्ट से अपने फ्लोर पर जा रही थीं। तभी अचानक लिफ्ट छठे और दसवें फ्लोर के बीच अटक गई। शुरुआत में उन्हें उम्मीद थी कि जल्द मदद मिल जाएगी, लेकिन जैसे-जैसे समय बीतता गया, लिफ्ट के अंदर गर्मी और घुटन बढ़ती गई। करीब 20 मिनट तक बंद लिफ्ट में फंसे रहने से उनकी हालत बिगड़ने लगी और घबराहट चरम पर पहुंच गई।

रेस्क्यू के बाद बिगड़ी तबीयत, अस्पताल में भर्ती
काफी देर बाद तकनीकी टीम की मदद से महिला को बाहर निकाला गया, लेकिन बाहर आते ही वह बेहोश हो गईं। मौके पर मौजूद लोगों ने तुरंत उन्हें संभाला और प्राथमिक उपचार दिया। बाद में उन्हें पास के निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज जारी है। प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है कि अगर रेस्क्यू में थोड़ी और देरी होती, तो स्थिति और गंभीर हो सकती थी।

बार-बार की घटनाओं से बढ़ा आक्रोश
स्थानीय निवासियों के मुताबिक, यह कोई पहली घटना नहीं है। इससे पहले भी रामनवमी के दिन 10 बच्चों समेत 12 लोग करीब 45 मिनट तक लिफ्ट में फंसे रहे थे। उस समय भी बड़ी मशक्कत के बाद सभी को सुरक्षित बाहर निकाला गया था। लगातार हो रही ऐसी घटनाओं ने सोसायटी के लोगों में डर और नाराजगी को और गहरा कर दिया है।

मेंटेनेंस पर उठे सवाल, कार्रवाई की मांग
सोसायटी की एओए अध्यक्ष सीमा भंडारी ने बताया कि लिफ्ट में बार-बार खराबी की शिकायतें पहले भी की जा चुकी हैं, लेकिन बिल्डर और जिम्मेदार एजेंसियां इस मुद्दे को गंभीरता से नहीं ले रही हैं। निवासियों का आरोप है कि मेंटेनेंस में लापरवाही के चलते लोगों की जान जोखिम में डाली जा रही है।

घटना के बाद सोसायटी के लोगों ने प्रशासन से तत्काल हस्तक्षेप कर लिफ्ट सिस्टम की जांच कराने, जिम्मेदारों पर कार्रवाई करने और नियमित मेंटेनेंस सुनिश्चित करने की मांग की है। लोगों का कहना है कि यदि समय रहते ठोस कदम नहीं उठाए गए, तो भविष्य में कोई बड़ा हादसा हो सकता है।।