गोण्डा- कलेक्ट्रेट सभागार में आयुक्त देवीपाटन मण्डल, गोण्डा/रोल प्रेक्षक की अध्यक्षता में अर्हता तिथि 01.01.2026 के आधार पर विधानसभा निर्वाचन क्षेत्रों की निर्वाचक नामावलियों के विशेष प्रगाढ़ पुनरीक्षण के संबंध में एक महत्वपूर्ण बैठक आज आयोजित की गई। बैठक में विधायक कटरा बाजार बावन सिंह सहित अन्य जनप्रतिनिधि एवं विभिन्न राजनीतिक दलों के पदाधिकारी उपस्थित रहे। बैठक में जिलाधिकारी प्रियंका निरंजन ने भी प्रतिभाग करते हुए पुनरीक्षण कार्यों की प्रगति की समीक्षा की। बैठक के दौरान रोल प्रेक्षक द्वारा निर्वाचन नामावली को अधिक सुदृढ़ एवं पारदर्शी बनाने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश प्रदान किए गए। उन्होंने विशेष रूप से इस बात पर जोर दिया कि एक ही परिवार के सभी सदस्यों के नाम एक ही मतदान केंद्र (बूथ) पर सुनिश्चित किए जाएं, जिससे मतदाताओं को मतदान के समय किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े। इसके अतिरिक्त उन्होंने सभी संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि प्रत्येक बूथ पर नियुक्त बूथ लेवल अधिकारी (बीएलओ) के मोबाइल नंबरों का सत्यापन अनिवार्य रूप से कर लिया जाए, ताकि मतदाताओं को आवश्यक जानकारी समय पर उपलब्ध कराई जा सके।
जिलाधिकारी ने बैठक में उपस्थित अधिकारियों एवं कर्मचारियों को निर्देश दिए कि पुनरीक्षण कार्य पूरी पारदर्शिता, निष्पक्षता एवं समयबद्धता के साथ संपन्न किया जाए।
उन्होंने कहा कि किसी भी पात्र मतदाता का नाम सूची से वंचित न रह जाए तथा अपात्र नामों को नियमानुसार हटाया जाए। साथ ही उन्होंने जनप्रतिनिधियों एवं राजनीतिक दलों से अपील की कि वे इस प्रक्रिया में सक्रिय सहयोग प्रदान करें और अधिक से अधिक पात्र नागरिकों को मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने के लिए प्रेरित करें।
बैठक में निर्वाचन प्रक्रिया को सुचारु रूप से संपन्न कराने हेतु विभिन्न बिंदुओं पर विस्तृत चर्चा की गई तथा संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। अंत में सभी उपस्थित जनप्रतिनिधियों एवं अधिकारियों ने निर्वाचन नामावली के सफल पुनरीक्षण हेतु पूर्ण सहयोग का आश्वासन दिया।
बैठक के दौरान अपर जिलाधिकारी आलोक कुमार, अपर उपजिलाधिकारी विशाल कुमार, अपर उपजिलाधिकारी जितेंद्र गौतम, सासंद कैसरगंज प्रतिनिधि संजीव सिंह, पूर्व विधायक बैजनाथ दूबे, विधायक तरबगंज प्रतिनिधि, जिलाध्यक्ष भाजपा अकबाल बहादुर तिवारी, महामंत्री राकेश कुमार तिवारी, सहायक जिला निर्वाचन अधिकारी सहित अन्य सभी संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।
