गौतमबुद्धनगर: दूध कारोबारी के घर पर गोलियों की बौछार: पुरानी रंजिश में सलेमपुर में दहशत फैलाने की साजिश!!
दो टूक// ग्रेटर नोएडा। थाना कासना क्षेत्र के सलेमपुर गांव में दिनदहाड़े हुई फायरिंग की वारदात ने ग्रामीणों में दहशत का माहौल पैदा कर दिया। बदमाशों ने सुनियोजित तरीके से गांव निवासी और दूध कारोबारी बाबूराम के घर को निशाना बनाते हुए कई राउंड गोलियां चलाईं। गनीमत यह रही कि घटना के समय घर पर कोई मौजूद नहीं था, जिससे एक बड़ी अनहोनी टल गई।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, शनिवार को एक स्कूटी और एक बाइक पर सवार होकर बदमाश बाबूराम के घर पहुंचे। उन्होंने घर के बाहर ताबड़तोड़ फायरिंग कर इलाके में सनसनी फैला दी। अचानक गोलियों की आवाज सुनते ही आसपास के लोगों में हड़कंप मच गया और ग्रामीण मौके की ओर दौड़ पड़े।
घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय ग्रामीणों की भीड़ मौके पर जमा हो गई, वहीं थाना कासना पुलिस भी तत्काल घटनास्थल पर पहुंची और जांच शुरू की। पूरी फायरिंग की घटना पास में लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गई है, जिसके आधार पर पुलिस आरोपियों की पहचान और गिरफ्तारी के प्रयास में जुटी हुई है।
कोतवाली प्रभारी धर्मेंद्र शुक्ला ने बताया कि प्रारंभिक जांच में पुरानी रंजिश का मामला सामने आ रहा है। करीब चार महीने पहले बाबूराम के बेटे अभिषेक का बुलंदशहर के जोली गांव निवासी अमित से विवाद हुआ था। अमित की तीन बहनों की शादी सलेमपुर गांव में होने के कारण दोनों के बीच रिश्तेदारी के चलते दोस्ती भी थी, लेकिन किसी बात को लेकर हुए विवाद के बाद तनाव बना हुआ था।
पुलिस को आशंका है कि इसी पुरानी रंजिश के चलते दहशत फैलाने के इरादे से बाबूराम के घर पर फायरिंग की गई।
इस मामले में पुलिस ने बुलंदशहर के जोली गांव निवासी सुच्चा सहित चार लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस टीम आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए दबिश दे रही है।
पुलिस का कहना है कि जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर घटना का खुलासा किया जाएगा। वहीं दिनदहाड़े हुई इस घटना ने क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर चिंता बढ़ा दी है।।
