गोण्डा- थाना को0 कर्नलगंज पुलिस ने छिनैती की घटनाओं का सफल अनावरण करते हुए शातिर अभियुक्त को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से विभिन्न छिनैती के 11,900/- रू0 नकद व घटना में प्रयुक्त 01 अदद चोरी की मोटरसाईकिल को बरामद किया है।
अपर पुलिस अधीक्षक पश्चिमी राधेश्याम राय ने बताया कि थाना को0 कर्नलगंज पुलिस द्वारा मु0अ0सं0-99/26, धारा 304(2) बीएनएस की घटना का सफल अनावरण करते हुए शातिर अभियुक्त विवेक पाण्डे उर्फ विक्कू पुत्र सुशील कुमार पाण्डे निवासी शिवबक्स पुरवा, थाना तरबगंज, जनपद गोण्डा को कुतुबपुर बंधा मोड़ से गिरफ्तार कर उसके कब्जे से विभिन्न छिनैती के 11,900/- रू0 नकद व घटना में प्रयुक्त 01 अदद चोरी की मोटरसाईकिल बरामद किया है।
अपर पुलिस अधीक्षक ने बताया कि 19.2.2026 को वादी अंकुश तिवारी पुत्र सुशील तिवारी निवासी ग्राम सोनहरा जियापुरवा थाना कर्नलगंज जनपद गोण्डा द्वारा थाना को0 कर्नलगंज में सूचना दी गयी कि वह अपनी माता के साथ बाइक से विवाह कार्यक्रम में जा रहे थे। समय करीब 01ः35 बजे दिन चकरीत बाजार से लगभग 1 किमी पहले दो अज्ञात पल्सर बाइक सवार व्यक्तियों द्वारा उनकी माता के कान की झुमकी झपट्टा मारकर लूट ली गई, जिससे उनकी माता का कान फट गया एवं चोट आई। अभियुक्तगण घटना के बाद मौके से फरार हो गए। वादी की तहरीर के आधार पर थाना को0 कर्नलगंज में सुसंगत धाराओं में अभियोग पंजीकृत किया गया। इस क्रम में 28.3.2026 को थाना को0 कर्नलगंज पुलिस द्वारा इलेक्ट्रानिक/मैनुअल साक्ष्यों के आधार पर घटना कारित करने के आरोपी अभियुक्त- विवेक पाण्डेय उर्फ विक्कू को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने उसके कब्जे से कुल 11,600/- (₹4,200/-थाना करनैलगंज से संबंधित), ₹3,700/- थाना परशुरामपुर, जनपद बस्ती से संबंधित, ₹4,000/- कोतवाली देहात, जनपद गोण्डा से संबंधित) नकद व घटना में प्रयुक्त 01 अदद चोरी की मोटरसाईकिल बरामद किया गया। गिरफ्तार अभियुक्त के विरूद्ध थाना को0 कर्नलगंज पुलिस द्वारा अग्रिम विधिक कार्यवाही कर न्यायालय रवाना किया गया।
पूछताछ का विवरण-
गिरफ्तार अभियुक्त से पूछताछ करने पर उसने बताया कि वह अपने साथियों अमित तिवारी उर्फ धुरले, शिवानन्द पाण्डेय, सचिन ओझा व अन्य के साथ मिलकर आस-पास के जनपदों में झपटमारी/चोरी की घटनाएं करता है। गिरोह द्वारा घटनाओं को अंजाम देने के लिए दो मोटरसाइकिलों का उपयोग किया जाता था, जिसमें एक से रेकी (निगरानी) की जाती थी तथा दूसरी से झपटमारी की घटना की जाती थी। अभियुक्त ने बताया कि बरामद मोटरसाइकिल हीरो स्प्लेंडर प्लस को उसने अपने साथी अमित तिवारी के साथ मिलकर जरवल रेलवे स्टेशन के पास से चोरी किया था। बरामद ₹11,900/- के संबंध में अभियुक्त ने बताया कि यह धनराशि पूर्व में की गई झपटमारी की घटनाओं से प्राप्त हिस्से की बची हुई रकम है। उसने स्वीकार किया कि कुछ माह पूर्व परशुरामपुर क्षेत्र में एक महिला का पर्स छीनकर जेवरात व नगदी प्राप्त की थी। परसपुर रोड के पास एक महिला के कान से झुमका छीना गया था। हाल ही में गोण्डा- अयोध्या रोड पर भी एक महिला के कान की बाली नोची गई थी। इसके अतिरिक्त अयोध्या जनपद में भी झपटमारी की घटनाएं की गई थीं।
