गौतमबुद्धनगर: जुनेदपुर में होली पर गूंजा परंपरा का स्वर: सदियों पुरानी बंब-नगाड़ा प्रतियोगिता ने जगाई एकता और उत्साह की मिसाल!!
!!वरिष्ठ संवाददाता देव गुर्जर!!
दो टूक// ग्रेटर नोएडा होली के पावन अवसर पर जुनेदपुर गांव में हर वर्ष की भांति इस वर्ष भी पारंपरिक बंब-नगाड़ा प्रतियोगिता का भव्य आयोजन किया गया। सोमवार को पूरे गांव में उत्सव का माहौल देखने को मिला, जब ग्रामीणों ने टोली बनाकर गांव की गलियों में घूम-घूमकर बंब और नगाड़ों की गूंज से होली के उत्साह को जीवंत कर दिया। इस सांस्कृतिक आयोजन में गांव के बुजुर्गों, युवाओं, महिलाओं और बच्चों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया, जिससे पूरे वातावरण में उल्लास और भाईचारे की भावना देखने को मिली।
इसके बाद गांव की ऐतिहासिक चौपाल पर सभी ग्रामीण एकत्रित हुए, जहां पारंपरिक ढंग से नगाड़े बजाए गए और होली के गीत व चौपाइयों के माध्यम से सामूहिक मनोरंजन किया गया। इस अवसर पर ग्रामीण वरिष्ठ किसान नेता सुनील प्रधान और समाजसेवी मास्टर दिनेश नागर ने बताया कि जुनेदपुर की यह गौरवशाली परंपरा शताब्दियों से चली आ रही है।
वरिष्ठ किसान नेता सुनील प्रधान ने कहा कि यह आयोजन केवल एक प्रतियोगिता नहीं, बल्कि गांव की सामाजिक एकता और सांस्कृतिक विरासत का प्रतीक है। उन्होंने बताया कि होली जैसे पर्व पर इस तरह के पारंपरिक आयोजन ग्रामीण समाज को जोड़ने का कार्य करते हैं और नई पीढ़ी को अपनी जड़ों से जोड़ने का माध्यम बनते हैं। किसान हितों के प्रति सदैव सक्रिय रहने वाले सुनील प्रधान गांव के सामाजिक आयोजनों में भी अग्रणी भूमिका निभाते रहे हैं, जिससे क्षेत्र में उनकी विशेष पहचान बनी हुई है।
ग्रामीणों ने बताया कि इस नगाड़ा प्रतियोगिता को देखने के लिए न केवल जुनेदपुर बल्कि आसपास के गांवों से भी बड़ी संख्या में लोग पहुंचे। बुजुर्गों से लेकर युवाओं तक सभी ने इस सांस्कृतिक आयोजन का भरपूर आनंद लिया।
ग्रामीणों का मानना है कि इस प्रकार के आयोजनों से गांव और क्षेत्र में प्रेम, भाईचारा और आपसी सौहार्द की भावना मजबूत होती है तथा सामाजिक समरसता को बढ़ावा मिलता है।
इस अवसर पर मुन्नीलाल भगत, धीरज नागर, चरण सिंह नागर, संजय प्रधान, सतेन्द्र नागर, कमल नागर, बलजीत सिंह, रज्जू, शरदा, कैलाश, ब्रह्म, मांगे प्रधान, बीर सिंह नागर, भवर सिंह, सरजीत, धीरज, रणपाल नागर, डॉ. कुलदीप नागर, प्रेम प्रधान, प्रताप, मोहित प्रधान सहित हजारों ग्रामीण उपस्थित रहे।
होली के इस रंगारंग आयोजन ने एक बार फिर साबित कर दिया कि जुनेदपुर गांव अपनी परंपराओं को सहेजते हुए सामाजिक एकता की मिसाल कायम कर रहा है।।
