गौतमबुद्धनगर: ग्रेटर नोएडा वेस्ट में बड़ा हादसा टला: बंद रास्ते पर बैरिकेडिंग न होने से नाले में गिरी स्विफ्ट कार, दो युवक सुरक्षित!!
!!वरिष्ठ संवाददाता देव गुर्जर!!
दो टूक// ग्रेटर नोएडा वेस्ट के बिसरख थाना क्षेत्र में रविवार देर रात एक गंभीर लापरवाही सामने आई, जब सर्वोत्तम स्कूल के पास एक स्विफ्ट कार असंतुलित होकर नाले में जा गिरी। गनीमत रही कि इस हादसे में किसी की जान नहीं गई, लेकिन घटना ने एक बार फिर ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं।
जानकारी के अनुसार, जिस रास्ते पर यह हादसा हुआ वह पहले से बंद था, लेकिन वहां किसी प्रकार की बैरिकेडिंग नहीं लगाई गई थी। इसी लापरवाही के चलते तेज रफ्तार कार सीधे नाले में जा गिरी। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक कार में सवार दो युवक कथित तौर पर शराब के नशे में थे, जिससे वाहन संतुलन खो बैठा।
मौके पर मौजूद स्थानीय निवासी ओमेंद्र ने तत्परता दिखाते हुए दोनों युवकों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया। हादसे की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची और क्रेन की मदद से कार को नाले से बाहर निकाला गया। बताया जा रहा है कि चालक की पहचान सुशील त्यागी के रूप में हुई है और उसे कोई गंभीर चोट नहीं आई।
यह घटना उस पुराने दर्दनाक हादसे की याद भी ताजा कर देती है, जब नोएडा सेक्टर-150 के पास निर्माणाधीन स्थल के नजदीक एक कार पानी में डूबने से सॉफ्टवेयर इंजीनियर युवराज की जान चली गई थी। उस समय भी सड़क सुरक्षा और निर्माण स्थलों पर लापरवाही को लेकर गंभीर सवाल उठे थे।
ताजा घटना ने एक बार फिर यह सोचने पर मजबूर कर दिया है कि आखिर बंद रास्तों पर सुरक्षा इंतजाम क्यों नहीं किए जाते। यदि समय रहते स्थानीय लोगों की मदद न मिलती, तो यह हादसा जानलेवा भी साबित हो सकता था।
फिलहाल बिसरख थाना पुलिस मामले की जांच में जुटी है।।
