गौतमबुद्धनगर: ग्रेटर नोएडा में 12वीं के छात्र की संदिग्ध मौत: पिता की लाइसेंसी पिस्टल से खुद को मारी गोली, वजह की तलाश में जुटी पुलिस!!
दो टूक// ग्रेटर नोएडा के बादलपुर क्षेत्र स्थित धूममानिकपुर गांव में शनिवार शाम एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई, जहां 18 वर्षीय छात्र की संदिग्ध परिस्थितियों में गोली लगने से मौत हो गई। इस घटना के बाद पूरे गांव में शोक और सन्नाटा पसरा हुआ है। शुरुआती जांच में मामला आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है, हालांकि पुलिस अभी सभी पहलुओं की गंभीरता से जांच कर रही है।
कमरे में अकेले था छात्र, अचानक चली गोली
मृतक छात्र देवकरण कक्षा 12 का विद्यार्थी था और दादरी के प्रतिष्ठित विद्यालय Delhi Public School NTPC Dadri में पढ़ाई कर रहा था। शनिवार शाम वह घर की दूसरी मंजिल पर अपने कमरे में गया हुआ था। इसी दौरान अचानक गोली चलने की तेज आवाज सुनकर परिवार के लोग घबरा गए।
जब मां और उसका दिव्यांग छोटा भाई कमरे में पहुंचे तो देवकरण गंभीर रूप से घायल अवस्था में पड़ा मिला। आनन-फानन में परिजन उसे नजदीकी निजी अस्पताल लेकर पहुंचे, लेकिन इलाज के दौरान डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
मोबाइल डेटा डिलीट, लैपटॉप भी क्षतिग्रस्त
परिजनों के अनुसार, घटना से पहले देवकरण ने अपने मोबाइल फोन का डेटा डिलीट कर दिया था और लैपटॉप को भी नुकसान पहुंचाया था। इसी बीच घर में रखी पिता की लाइसेंसी पिस्टल से गोली चलने की बात सामने आई है।
देवकरण के पिता सेना से सेवानिवृत्त हैं और वर्तमान में खेती तथा प्रॉपर्टी से जुड़े कार्य करते हैं। परिवार में माता-पिता के अलावा एक छोटा दिव्यांग भाई भी है। बेटे की अचानक मौत से परिवार गहरे सदमे में है।
सुसाइड नोट नहीं मिला, पुलिस हर एंगल से जांच में जुटी
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। थाना प्रभारी अमित कुमार के अनुसार, घटनास्थल से कोई सुसाइड नोट बरामद नहीं हुआ है। पुलिस छात्र के मोबाइल फोन और अन्य इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों की फॉरेंसिक जांच कर रही है, ताकि घटना के पीछे की असली वजह का पता लगाया जा सके।
पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आने के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
गांव में शोक, शांत स्वभाव का था छात्र
ग्रामीणों के मुताबिक, देवकरण बेहद शांत और सामान्य स्वभाव का था। उसके किसी तनाव या विवाद की जानकारी पहले सामने नहीं आई थी। ऐसे में यह घटना सभी के लिए हैरान करने वाली बनी हुई है।
फिलहाल पुलिस मामले को संवेदनशील मानते हुए हर पहलू से जांच कर रही है, ताकि सच्चाई सामने लाई जा सके ।।
