रविवार, 1 मार्च 2026

गौतमबुद्धनगर: ग्रेटर नोएडा वेस्ट की सोसाइटी में हंगामा: विदेशी नागरिक ने डिलीवरी बॉय से की मारपीट, वीडियो वायरल!!

शेयर करें:

गौतमबुद्धनगर: ग्रेटर नोएडा वेस्ट की सोसाइटी में हंगामा: विदेशी नागरिक ने डिलीवरी बॉय से की मारपीट, वीडियो वायरल!!

 !!वरिष्ठ संवाददाता देव गुर्जर!!

दो टूक// ग्रेटर नोएडा वेस्ट की एक हाईराइज सोसाइटी में गुरुवार रात उस समय तनाव का माहौल बन गया जब एक विदेशी नागरिक ने पैसे मांगने पर डिलीवरी बॉय के साथ मारपीट और अभद्र व्यवहार किया। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिससे सोसाइटी निवासियों में आक्रोश व्याप्त है।

मिली जानकारी के अनुसार, बिसरख थाना क्षेत्र स्थित समृद्धि ग्रैंड एवेन्यू सोसाइटी में एक डिलीवरी बॉय सामान देने पहुंचा था। आरोप है कि डिलीवरी के बाद जब उसने अपने पैसे मांगे तो वहां मौजूद एक नाइजीरियाई युवक भड़क गया और उसने डिलीवरी बॉय के साथ दुर्व्यवहार करते हुए मारपीट शुरू कर दी।

शोर-शराबा सुनकर मौके पर पहुंचे सोसाइटी के अन्य लोगों ने बीच-बचाव करने का प्रयास किया, लेकिन आरोप है कि विदेशी युवक ने उनके साथ भी अभद्रता की। इससे मौके पर काफी देर तक हंगामे की स्थिति बनी रही।

घटना की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित करते हुए दोनों पक्षों को शांत कराया।

इस पूरे घटनाक्रम का वीडियो अब सोशल मीडिया पर वायरल हो चुका है, जिसके बाद सोसाइटी के निवासियों में नाराजगी बढ़ गई है। स्थानीय लोगों ने विदेशी नागरिक के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग करते हुए उसे सोसाइटी से बाहर किए जाने की भी मांग उठाई है।

पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है और वायरल वीडियो के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।