गौतमबुद्धनगर: अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस पर ग्रेटर नोएडा में खेलों का उत्सव, 9 मार्च को मलकपुर स्पोर्ट्स स्टेडियम में होगी ASMITA लीग की प्रतियोगिताएं!!
!!वरिष्ठ संवाददाता देव गुर्जर!!
दो टूक// ग्रेटर नोएडा। अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर महिलाओं और बालिकाओं में खेल भावना को बढ़ावा देने के उद्देश्य से 9 मार्च को मलकपुर स्पोर्ट्स स्टेडियम में विभिन्न खेल प्रतियोगिताओं का आयोजन किया जाएगा। यह आयोजन स्पोर्ट्स अथॉरिटी ऑफ इंडिया की ASMITA लीग के अंतर्गत किया जा रहा है, जिसमें जिले की बड़ी संख्या में बालिकाओं और महिलाओं के भाग लेने की संभावना है।
उपनिदेशक माय भारत गौतमबुद्धनगर शिवेंद्र सिंह ने जानकारी देते हुए बताया कि खेल विभाग, विभिन्न खेल एसोसिएशन और शिक्षा विभाग के समन्वय से माय भारत, गौतम बुद्ध नगर द्वारा इस खेल आयोजन की तैयारी की गई है। प्रतियोगिताएं 9 मार्च को सुबह 8 बजे से जिला खेल स्टेडियम मलकपुर, सूरजपुर (ग्रेटर नोएडा) में शुरू होंगी।
इस खेल महोत्सव के तहत 100 मीटर, 200 मीटर और 400 मीटर दौड़ की प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएंगी। इन प्रतियोगिताओं को तीन आयु वर्गों—अंडर-13 वर्ष, 13 से 18 वर्ष तथा 18 वर्ष से अधिक—में आयोजित किया जाएगा, ताकि अलग-अलग आयु वर्ग की बालिकाएं और महिलाएं इसमें भाग लेकर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन कर सकें।
इसके अलावा प्रतिभागियों और दर्शकों के लिए आयोजन को और रोचक बनाने के उद्देश्य से बैडमिंटन, कबड्डी, खो-खो और रस्सा-कसी जैसे मनोरंजक खेलों का भी आयोजन किया जाएगा। आयोजन समिति का कहना है कि इस तरह के कार्यक्रमों से महिलाओं को खेलों से जुड़ने और फिटनेस के प्रति जागरूक होने का अवसर मिलेगा।
प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों को मेडल, ट्रॉफी और प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया जाएगा। आयोजन से जुड़े अधिकारियों के अनुसार यह कार्यक्रम महिलाओं में आत्मविश्वास बढ़ाने और उन्हें खेलों के माध्यम से सशक्त बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है।
इच्छुक प्रतिभागी mybharat.gov.in पोर्टल पर जाकर या उपलब्ध QR कोड स्कैन कर ऑनलाइन पंजीकरण करा सकते हैं।
माय भारत, गौतम बुद्ध नगर की ओर से जिले की सभी बालिकाओं और महिलाओं से अपील की गई है कि वे अधिक से अधिक संख्या में भाग लेकर इस पहल को सफल बनाएं और खेलों के माध्यम से अपने स्वास्थ्य, आत्मविश्वास और प्रतिभा को नई पहचान दें।।
