शुक्रवार, 6 मार्च 2026

गोंडा- जिले के मधईपुर निवासी कार्तिकेय सिंह ने संघ लोक सेवा आयोग 2025 की परीक्षा में 269वीं रैंक हासिल कर अपनी मेधा का लहराया परचम, संजीव सिंह के सुपुत्र है कार्तिकेय

शेयर करें:
गोंडा- प्रतिभा किसी परिचय की मोहताज नहीं होती और जब इरादे दृढ़ हों तो सफलता मिलना तय है। गोंडा जिले के मधईपुर निवासी कार्तिकेय सिंह ने संघ लोक सेवा आयोग 2025 की परीक्षा में 269वीं रैंक हासिल कर अपनी मेधा का परचम लहराया है। उनकी इस उपलब्धि से पूरे जिले में खुशी की लहर है और उनके घर पर बधाई देने वालों का तांता लगा हुआ है।
कार्तिकेय सिंह ने अपनी प्रारंभिक शिक्षा कक्षा 1 से 10वीं तक गोंडा के रघुकुल विद्यापीठ से पूरी की। इसके बाद उन्होंने फातिमा इंटर कॉलेज से 2017 में इंटरमीडिएट की परीक्षा उत्तीर्ण की। बचपन से ही मेधावी रहे कार्तिकेय ने देश के प्रतिष्ठित संस्थान IIT मुंबई से 2021 में बीटेक की डिग्री हासिल की। इंजीनियरिंग के बाद उन्होंने देश सेवा का लक्ष्य चुना और यूपीएससी की तैयारी में जुट गए। कड़े परिश्रम और अनुशासन के बल पर उन्होंने अपने दूसरे प्रयास में ही यह बड़ी सफलता प्राप्त की।
कार्तिकेय एक प्रतिष्ठित परिवार से ताल्लुक रखते हैं। उनके पिता संजीव सिंह कैसरगंज के सांसद प्रतिनिधि के रूप में क्षेत्रीय राजनीति और समाज सेवा में सक्रिय हैं। वहीं, उनकी माता किरन सिंह डाक विभाग में डाक अधीक्षक के पद पर कार्यरत हैं। बेटे की इस सफलता पर माता-पिता ने खुशी जाहिर करते हुए कहा कि कार्तिकेय ने न केवल परिवार का मान बढ़ाया है, बल्कि जिले के युवाओं के लिए एक मिसाल पेश की है। जैसे ही यूपीएससी का परिणाम घोषित हुआ, गोंडा के सोशल मीडिया से लेकर गलियारों तक कार्तिकेय की सफलता के चर्चे शुरू हो गए। उनकी यह उपलब्धि इस बात का प्रमाण है कि छोटे शहरों के युवा भी यदि सही मार्गदर्शन और कड़ी मेहनत करें, तो वे राष्ट्रीय स्तर पर शीर्ष पदों पर आसीन हो सकते हैं।