शुक्रवार, 6 मार्च 2026

गौतमबुद्धनगर: अटल आवासीय विद्यालय में प्रवेश के लिए 8 मार्च को होगी परीक्षा, नोएडा के होशियारपुर में बनाया गया केंद्र!!

शेयर करें:


गौतमबुद्धनगर: अटल आवासीय विद्यालय में प्रवेश के लिए 8 मार्च को होगी परीक्षा, नोएडा के होशियारपुर में बनाया गया केंद्र!!

 !१वरिष्ठ संवाददाता देव गुर्जर!!

दो टूक// गौतमबुद्ध नगर।
उत्तर प्रदेश भवन एवं अन्य सन्निर्माण कर्मकार कल्याण बोर्ड द्वारा संचालित अटल आवासीय विद्यालय, बुलंदशहर में शैक्षिक सत्र 2026-27 के लिए कक्षा 6 और कक्षा 9 में प्रवेश प्रक्रिया आगे बढ़ा दी गई है। प्रवेश के लिए आवेदन करने वाले अभ्यर्थियों की स्क्रीनिंग पूरी कर ली गई है और अब पात्र विद्यार्थियों के लिए 8 मार्च को प्रवेश परीक्षा आयोजित की जाएगी।

सहायक श्रम आयुक्त, गौतम बुद्ध नगर ने जानकारी देते हुए बताया कि अटल आवासीय विद्यालय ग्राम कौन्दू, तहसील सिकन्दराबाद, जनपद बुलंदशहर में संचालित है। इस विद्यालय में प्रवेश मुख्य रूप से पंजीकृत निर्माण श्रमिकों के बच्चों, कोविड-19 महामारी के दौरान निराश्रित हुए बच्चों तथा मुख्यमंत्री बाल सेवा योजना (सामान्य) के अंतर्गत पात्र बच्चों के लिए कराया जा रहा है।

उन्होंने बताया कि कक्षा 6 में कुल 180 सीटें उपलब्ध हैं, जिनमें 80 सीटें बालकों और 80 सीटें बालिकाओं के लिए निर्धारित की गई हैं। वहीं कक्षा 9 में कुल 65 सीटें उपलब्ध हैं, जिनमें 31 सीटें बालकों और 34 सीटें बालिकाओं के लिए निर्धारित की गई हैं।

विभाग द्वारा जारी विज्ञापन के बाद प्राप्त आवेदनों की जांच (स्क्रीनिंग) की गई, जिसमें कुल 253 आवेदन सही पाए गए हैं। इन सभी अभ्यर्थियों के लिए अब प्रवेश परीक्षा आयोजित की जाएगी।

प्रवेश परीक्षा 08 मार्च 2026 को राजकीय बालिका विद्यालय, होशियारपुर, सेक्टर-51, नोएडा में आयोजित की जाएगी, जिसे परीक्षा केंद्र बनाया गया है। परीक्षा का समय प्रातः 11:00 बजे से अपराह्न 01:30 बजे तक निर्धारित किया गया है।

सभी परीक्षार्थियों को निर्देश दिए गए हैं कि वे परीक्षा के दिन सुबह 9:00 बजे तक परीक्षा केंद्र पर अनिवार्य रूप से पहुंच जाएं, ताकि प्रवेश प्रक्रिया समय पर पूरी कराई जा सके और परीक्षा में किसी प्रकार की असुविधा न हो।

सहायक श्रम आयुक्त ने यह भी बताया कि यदि किसी अभ्यर्थी को परीक्षा से संबंधित किसी प्रकार की जानकारी या असुविधा हो तो वे कार्यालय श्रम आयुक्त, जी-25ए, सेक्टर-03 नोएडा में संपर्क कर आवश्यक जानकारी प्राप्त कर सकते हैं।