गौतमबुद्धनगर: नोएडा में ऑनलाइन सट्टेबाजी का भंडाफोड़: पुलिस ने बेटिंग गैंग के 5 सदस्य दबोचे, 32 मोबाइल समेत भारी मात्रा में उपकरण बरामद!!
दो टूक// नोएडा। कमिश्नरेट गौतमबुद्धनगर पुलिस ने ऑनलाइन सट्टेबाजी के एक बड़े नेटवर्क का खुलासा करते हुए पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है। CRT/SWAT-2 टीम और थाना सेक्टर-113 पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में बेटिंग ऐप के जरिए लोगों से धोखाधड़ी कर पैसे हड़पने वाले गिरोह का पर्दाफाश किया गया। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से बड़ी मात्रा में इलेक्ट्रॉनिक उपकरण, मोबाइल फोन और अन्य सामान भी बरामद किया है।
पुलिस के अनुसार 06 मार्च 2026 को CRT/SWAT-2 टीम और थाना सेक्टर-113 पुलिस ने लोकल इंटेलिजेंस और इलेक्ट्रॉनिक सर्विलांस की मदद से संयुक्त अभियान चलाकर इस गिरोह के 5 सदस्यों को गिरफ्तार किया। पकड़े गए आरोपियों की पहचान विनय सहगल, नवदीप सिंह, राजीव शर्मा, सलील सेठ और देव कुमार के रूप में हुई है।
सरगना चला रहा था पूरा नेटवर्क
पूछताछ में पता चला कि इस पूरे गिरोह का सरगना विनय सहगल है। आरोपी अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट मैचों के दौरान बेटिंग ऐप और ऑनलाइन प्लेटफॉर्म के माध्यम से लोगों को सट्टा लगाने के लिए उकसाते थे।
पुलिस के मुताबिक गिरोह के सदस्य ZOOM ऐप और ZOOM ऑडियो के जरिए ऑनलाइन कनेक्ट होकर तथा फोन कॉल के माध्यम से सट्टेबाजी की खाई-बाड़ी कराते थे। हाल ही में चल रहे T-20 वर्ल्ड कप मैचों के दौरान, विशेष रूप से 05 मार्च को खेले गए भारत-इंग्लैंड सेमीफाइनल मैच पर भी बड़े पैमाने पर सट्टा लगवाया गया था।
आरोपी लोगों से पैसे लगवाकर फील्ड से रकम इकट्ठा करते थे और इस अवैध कारोबार से मोटा मुनाफा कमाते थे। पुलिस का कहना है कि गिरोह काफी समय से चोरी-छिपे इस नेटवर्क को संचालित कर रहा था।
भारी मात्रा में इलेक्ट्रॉनिक सामान बरामद
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से सट्टेबाजी में इस्तेमाल होने वाले कई उपकरण बरामद किए हैं, जिनमें
- 03 लैपटॉप
- 03 टैबलेट
- 03 डेस्कटॉप मॉनिटर
- 32 मोबाइल फोन
- 02 IC रिकॉर्डर
- 04 स्लिप पैड व 02 नोटपैड
- 01 सीपीयू और 01 प्रिंटर/स्कैनर
- वाई-फाई राउटर, डोंगल, डेटा केबल, चार्जर और अन्य इलेक्ट्रॉनिक सामान
- 8000 रुपये नकद
इसके अलावा मोबाइल स्टैंड, एक्सटेंशन बोर्ड, कैलकुलेटर और अन्य तकनीकी उपकरण भी बरामद किए गए हैं, जिनका इस्तेमाल सट्टेबाजी के संचालन में किया जाता था।
विभिन्न राज्यों के रहने वाले आरोपी
गिरफ्तार आरोपियों में दिल्ली, पंजाब और नेपाल के निवासी शामिल हैं। पुलिस के मुताबिक ये लोग अलग-अलग राज्यों से आकर नोएडा में बैठकर ऑनलाइन सट्टेबाजी का नेटवर्क चला रहे थे।
दर्ज हुआ मुकदमा
इस मामले में थाना सेक्टर-113 नोएडा में मु0अ0सं0 69/2026 के तहत धारा 61(2), 318(4) BNS, आईटी एक्ट की धारा 66 और सार्वजनिक जुआ अधिनियम 1867 की धारा 3/4 के अंतर्गत मुकदमा दर्ज किया गया है।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि आरोपियों से पूछताछ जारी है और इस गिरोह से जुड़े अन्य लोगों की भी तलाश की जा रही है। साथ ही यह भी जांच की जा रही है कि इस नेटवर्क के माध्यम से अब तक कितनी रकम का अवैध लेन-देन हुआ है।।
