गौतमबुद्धनगर: नोएडा प्राधिकरण की पहल: ‘नारी लीड्स स्वच्छता’ अभियान का शुभारंभ, महिलाओं की भागीदारी से 7 दिन तक चलेंगे विविध कार्यक्रम!!
!!वरिष्ठ संवाददाता देव गुर्जर!!
नोएडा, 9 मार्च 2026।
दो टूक// अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस 2026 के अवसर पर नोएडा प्राधिकरण द्वारा सेक्टर-33 स्थित शिल्प हाट में ‘नारी लीड्स स्वच्छता’ (Naari Leads Swachhata) अभियान का शुभारंभ किया गया। यह सात दिवसीय विशेष अभियान महिलाओं की स्वच्छता के प्रति भागीदारी और नेतृत्व को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से आयोजित किया जा रहा है। कार्यक्रम का उद्घाटन नोएडा प्राधिकरण की अपर मुख्य कार्यपालक अधिकारी श्रीमती वंदना त्रिपाठी द्वारा किया गया।
कार्यक्रम के दौरान वंदना त्रिपाठी ने बताया कि इस अभियान का उद्देश्य महिलाओं को स्वच्छता के क्षेत्र में नेतृत्व की भूमिका निभाने के लिए प्रेरित करना और समाज में स्वच्छता के प्रति जागरूकता बढ़ाना है। इस सात दिवसीय अभियान के तहत अलग-अलग थीम पर आधारित कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे, जिनमें महिलाओं की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित की जाएगी।
अभियान के अंतर्गत 9 मार्च से 14 मार्च 2026 तक विभिन्न गतिविधियों का आयोजन किया जा रहा है। पहले दिन स्वच्छता जागरूकता वॉक और साड़ी वॉकाथॉन का आयोजन किया गया। इसके बाद 10 मार्च को महिला स्वच्छता चैंपियंस कार्यक्रम, 11 मार्च को प्रेरणादायक कहानियों का सत्र, 12 मार्च को ‘वेस्ट टू वेल्थ’ प्रदर्शनी, 13 मार्च को बाजारों, पार्कों और सार्वजनिक स्थलों पर सामुदायिक स्वच्छता अभियान तथा 14 मार्च को महिला सशक्तिकरण और स्वच्छता विषय पर आधारित नुक्कड़ नाटक, कविता और गीत जैसे सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
इस अवसर पर नोएडा प्राधिकरण में कार्यरत महिला कर्मचारियों के लिए विशेष स्वास्थ्य जांच शिविर भी लगाया गया, जिसमें Felix Hospital की टीम ने लगभग 450 महिला कर्मचारियों की स्वास्थ्य जांच की। साथ ही महिला कर्मचारियों के लिए जुंबा जैसे शारीरिक व्यायाम कार्यक्रम भी आयोजित किए गए, जिसमें प्रतिभागियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
कार्यक्रम के दौरान स्वच्छ सर्वेक्षण के तहत अतिथियों और प्रतिभागियों को नुक्कड़ नाटकों के माध्यम से स्वच्छता के प्रति प्रेरित किया गया। इसके अलावा स्वयं सहायता समूहों (SHG) द्वारा बनाए गए ‘वेस्ट टू वेल्थ’ उत्पादों, जैसे रिसाइकल प्लास्टिक उत्पाद, कम्पोस्ट और अपसाइकल क्राफ्ट्स की प्रदर्शनी भी लगाई गई, जिसे लोगों ने काफी सराहा।
स्वच्छता के क्षेत्र में महत्वपूर्ण योगदान देने वाली सफाई मित्र महिलाओं — सखा देवी, शीला, शांति देवी, विमलेश सैनी, सविता और ओमवती — को भी विशेष रूप से सम्मानित किया गया। इसके अलावा विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य करने वाली महिलाओं रानू कांडला, अनीता जोशी, गरिमा त्रिपाठी, गीता नाथ, श्रेया शर्मा, अंजली सचदेवा, नमिता चौबे, कविता जीमल, सविता तनेजा, माया कुलश्रेष्ठ, डॉ. अनुपमा बिसारिया और अनीता अरोड़ा को भी सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम के अंत में उपस्थित सभी अतिथियों और प्रतिभागियों ने स्वच्छता की शपथ ली। अपर मुख्य कार्यपालक अधिकारी वंदना त्रिपाठी ने सभी प्रतिभागियों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि नोएडा प्राधिकरण महिलाओं के नेतृत्व में स्वच्छता अभियान को आगे बढ़ाने के लिए प्रतिबद्ध है।।
