गौतमबुद्धनगर: नोएडा के सेक्टर-75 स्थित आईवी काउंटी में होली पर हत्या से हड़कंप: 39 वर्षीय साहिल सिंघल की जान गई, चार नामजद आरोपी!!
नोएडा। थाना सेक्टर-113 क्षेत्र के सेक्टर-75 स्थित आईवी काउंटी सोसाइटी में होली के दिन एक सनसनीखेज वारदात सामने आई, जहां 39 वर्षीय साहिल सिंघल पुत्र योगेश सिंघल की हत्या कर दी गई। घटना के बाद सोसाइटी में हड़कंप मच गया और लोगों में दहशत का माहौल बन गया।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और गंभीर रूप से घायल साहिल को तत्काल नजदीकी अस्पताल भिजवाया गया, जहां उपचार के दौरान डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। घटनास्थल पर फॉरेंसिक टीम द्वारा साक्ष्य एकत्र किए गए हैं और आसपास के सीसीटीवी फुटेज भी खंगाले जा रहे हैं।
एडीसीपी मनीषा सिंह का बयान
एडीसीपी नोएडा मनीषा सिंह ने बताया कि होली के दिन सेक्टर-75 स्थित आईवी काउंटी सोसाइटी से 112 के माध्यम से एक व्यक्ति की हत्या की सूचना प्राप्त हुई थी। सूचना पर तत्काल थाना सेक्टर-113 पुलिस मौके पर पहुंची और घायल को अस्पताल भिजवाया गया, जहां उपचार के दौरान उसकी मृत्यु हो गई।
उन्होंने बताया कि परिजनों की तहरीर के आधार पर चार नामजद आरोपियों के विरुद्ध मुकदमा दर्ज किया गया है। दो आरोपियों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है, जबकि अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीमों का गठन कर संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है।
प्राथमिक जांच में विवाद की बात
पुलिस की प्राथमिक जांच में यह बात सामने आई है कि मृतक का पिछले कुछ वर्षों से एक महिला के साथ कथित रूप से अवैध संबंध था। इसी को लेकर आपसी विवाद की स्थिति बनी हुई थी। पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए गहनता से जांच कर रही है और फॉरेंसिक रिपोर्ट व पूछताछ के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।
होली जैसे त्योहार पर हुई इस वारदात से सोसाइटी एवं आसपास के क्षेत्र में चिंता और भय का माहौल है। एहतियातन क्षेत्र में पुलिस बल बढ़ा दिया गया है और अधिकारियों ने मामले के शीघ्र खुलासे का भरोसा दिलाया है।।
