गौतमबुद्धनगर: चैत्र नवरात्रि से पहले सख्त एक्शन: नोएडा में खाद्य विभाग की छापेमारी, 5 नमूने जांच के लिए भेजे गए!!
!!वरिष्ठ संवाददाता देव गुर्जर!!
गौतम बुद्ध नगर, 20 मार्च 2026
दो टूक// नोएडा आगामी चैत्र नवरात्रि पर्व को ध्यान में रखते हुए जनपद में खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन विभाग पूरी तरह अलर्ट मोड में आ गया है। जिलाधिकारी के निर्देश पर आमजन को शुद्ध और सुरक्षित खाद्य सामग्री उपलब्ध कराने के उद्देश्य से जिलेभर में व्यापक जांच अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में शुक्रवार को खाद्य सुरक्षा अधिकारियों की टीम ने नोएडा के विभिन्न क्षेत्रों में छापेमारी करते हुए कई प्रतिष्ठानों से खाद्य पदार्थों के नमूने एकत्र किए।
सहायक आयुक्त खाद्य द्वितीय सर्वेश मिश्रा ने जानकारी देते हुए बताया कि खाद्य सुरक्षा अधिकारी ओ.पी. सिंह और एस.के. पांडेय की टीम ने सेक्टर-40 स्थित किचेन फ्रेश ग्रोसरी स्टोर से साबूदाना का नमूना लिया। इसके अलावा सेक्टर-41 के अगाहपुर स्थित केसी जनरल स्टोर से व्रत में उपयोग होने वाले स्पेशल लड्डू का सैंपल संग्रहित किया गया।
इसी अभियान के तहत सेक्टर-121 स्थित गुलदाना स्वीट्स से नमकीन का नमूना तथा गढ़ी चौखंडी स्थित वीआईपी आटा चक्की से कुट्टू के आटे का सैंपल जांच के लिए लिया गया। वहीं, खाद्य सुरक्षा अधिकारी अमर बहादुर सरोज और रितु सक्सेना की टीम ने सेक्टर-22 चौड़ा क्षेत्र में शिव स्टोर से कुट्टू आटा का नमूना एकत्र किया।
इस तरह कुल 5 खाद्य नमूनों को जांच के लिए प्रयोगशाला भेजा गया है। विभाग ने सभी खाद्य विक्रेताओं को सख्त निर्देश दिए हैं कि वे केवल लाइसेंसधारी एवं पंजीकृत आपूर्तिकर्ताओं से ही खाद्य सामग्री खरीदें और हर खरीद का बिल सुरक्षित रखें। साथ ही निर्माण तिथि, बैच नंबर और गुणवत्ता मानकों की जांच के बाद ही उपभोक्ताओं को खाद्य पदार्थ उपलब्ध कराएं।
सहायक आयुक्त ने स्पष्ट किया कि नवरात्रि के दौरान इस तरह के अभियान लगातार जारी रहेंगे और किसी भी प्रकार की मिलावट या मानकों में कमी पाए जाने पर संबंधित प्रतिष्ठानों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
प्रशासन का उद्देश्य है कि पर्व के दौरान जनपद वासियों को शुद्ध, सुरक्षित और मानक के अनुरूप खाद्य सामग्री उपलब्ध हो सके, जिससे उनकी सेहत पर किसी प्रकार का खतरा न आए।।
