मंगलवार, 10 मार्च 2026

गौतमबुद्धनगर: महिला जनसुनवाई में सुनी गईं करीब 50 शिकायतें, अधिकारियों को दिए त्वरित निस्तारण के निर्देश!!

शेयर करें:

गौतमबुद्धनगर: महिला जनसुनवाई में सुनी गईं करीब 50 शिकायतें, अधिकारियों को दिए त्वरित निस्तारण के निर्देश!!

 !!वरिष्ठ संवाददाता देव गुर्जर!!

दो टूक//गौतम बुद्ध नगर, 09 मार्च 2026।
उत्तर प्रदेश राज्य महिला आयोग की माननीय सदस्य डॉ. मीनाक्षी भराला की अध्यक्षता में सोमवार को विकास भवन सभागार, गौतम बुद्ध नगर में महिला जनसुनवाई कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस जनसुनवाई में जिले के विभिन्न क्षेत्रों से आई महिलाओं ने अपनी समस्याएं और शिकायतें आयोग के समक्ष रखीं। कार्यक्रम के दौरान करीब 50 प्रकरण दर्ज किए गए, जिनमें पारिवारिक विवाद, घरेलू हिंसा, भरण-पोषण, उत्पीड़न और अन्य सामाजिक समस्याओं से जुड़े मामले प्रमुख रूप से सामने आए।

जनसुनवाई के दौरान डॉ. मीनाक्षी भराला ने सभी फरियादी महिलाओं की समस्याओं को गंभीरता और संवेदनशीलता के साथ सुना तथा प्रत्येक मामले का संज्ञान लेते हुए मौके पर उपस्थित संबंधित विभागों के अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि सभी शिकायतों का प्राथमिकता के आधार पर अनुश्रवण करते हुए समयबद्ध और प्रभावी निस्तारण सुनिश्चित किया जाए, ताकि पीड़ित महिलाओं को शीघ्र न्याय मिल सके और उनकी समस्याओं का समाधान पारदर्शी एवं संवेदनशील तरीके से हो।

उन्होंने पुलिस विभाग, महिला कल्याण विभाग तथा अन्य संबंधित विभागों के अधिकारियों से कहा कि कार्यालयों में आने वाली महिलाओं की समस्याओं को अत्यंत सहानुभूति, संवेदनशीलता और सम्मानजनक व्यवहार के साथ सुना जाए। उन्होंने कहा कि कई बार महिलाएं सामाजिक और पारिवारिक दबाव के कारण अपनी समस्याओं को खुलकर सामने नहीं रख पाती हैं, ऐसे में अधिकारियों की जिम्मेदारी और अधिक बढ़ जाती है कि वे उन्हें भरोसा दिलाएं और न्याय दिलाने की दिशा में प्रभावी कदम उठाएं।

डॉ. मीनाक्षी भराला ने कहा कि उत्तर प्रदेश राज्य महिला आयोग का उद्देश्य केवल शिकायतों का निस्तारण करना ही नहीं, बल्कि महिलाओं को उनके अधिकारों के प्रति जागरूक करना भी है। आयोग इस दिशा में लगातार प्रयासरत है कि किसी भी महिला को अन्याय या उत्पीड़न का सामना न करना पड़े और उसकी शिकायत का त्वरित एवं निष्पक्ष समाधान सुनिश्चित हो सके।

इस अवसर पर अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के उपलक्ष्य में माननीय सदस्य द्वारा जनसुनवाई में उपस्थित महिला अधिकारियों, कर्मचारियों तथा फरियादी महिलाओं को पौधे भेंट कर महिला दिवस की शुभकामनाएं भी दी गईं और पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया गया।

कार्यक्रम में मुख्य विकास अधिकारी डॉ. शिवाकांत द्विवेदी, एडिशनल पुलिस कमिश्नर (मुख्यालय) अजय कुमार, डीसीपी महिला सुरक्षा अनुकृति शर्मा, एसीपी दीक्षा सिंह, जिला प्रोबेशन अधिकारी मनोज कुमार पुष्कर, जिला समाज कल्याण अधिकारी सतीश कुमार, जिला विद्यालय निरीक्षक राजेश कुमार सिंह, एसीएमओ टीकम सिंह सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।।