गौतमबुद्धनगर: गुर्जर समाज की एकता का संदेश: जूनेदपुर में राष्ट्रीय अध्यक्ष हरिश्चंद्र भाटी का भव्य स्वागत, 14 मार्च के कार्यक्रम को लेकर भी हुआ आह्वान!!
!!वरिष्ठ संवाददाता देव गुर्जर!!
दो टूक// ग्रेटर नोएडा।
ग्रेटर नोएडा के जूनेदपुर गांव में अखिल भारतीय गुर्जर महासभा के नवनियुक्त राष्ट्रीय अध्यक्ष हरिश्चंद्र भाटी के आगमन पर ग्रामीणों द्वारा भव्य स्वागत समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का नेतृत्व समाजसेवी अरुण नागर ने किया। इस दौरान ढोल-नगाड़ों की गूंज, फूल-मालाओं और पारंपरिक पगड़ी पहनाकर अतिथियों का गर्मजोशी से स्वागत किया गया। समारोह में गुर्जर समाज के बड़ी संख्या में गणमान्य लोग, युवा और ग्रामीण उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के दौरान राष्ट्रीय अध्यक्ष हरिश्चंद्र भाटी, राष्ट्रीय उपाध्यक्ष सविंदर भाटी, वरिष्ठ समाजसेवी जयप्रकाश विकल, गौतमबुद्धनगर के जिलाध्यक्ष अशोक भाटी, गुलजारीलाल नंदा, प्रमोद भाटी, दीपक भाटी और गजेंद्र रेक्सवाल सहित अन्य पदाधिकारियों का ग्रामीणों द्वारा सम्मान किया गया। सभी अतिथियों को पारंपरिक पगड़ी बांधकर और फूलमालाएं पहनाकर सम्मानित किया गया, जिससे पूरे कार्यक्रम का माहौल उत्साह और गौरव से भर गया।
सभा को संबोधित करते हुए राष्ट्रीय अध्यक्ष हरिश्चंद्र भाटी ने कहा कि गुर्जर समाज को आगे बढ़ाने के लिए शिक्षा, संगठन और आपसी भाईचारे को मजबूत करना अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने कहा कि समाज की नई पीढ़ी को शिक्षा और सामाजिक जिम्मेदारियों के प्रति जागरूक होकर समाज के विकास में सक्रिय भूमिका निभानी चाहिए। उन्होंने युवाओं से एकजुट होकर समाज के उत्थान और नई दिशा देने का आह्वान भी किया।
इस अवसर पर गौतमबुद्धनगर जिलाध्यक्ष अशोक भाटी ने समाज को संगठित करने में अपनी सक्रिय भूमिका का उल्लेख करते हुए कहा कि गुर्जर समाज की तरक्की के लिए सामूहिक प्रयास और जागरूकता बेहद जरूरी है। उन्होंने बताया कि जिले में समाज के हितों और युवाओं के भविष्य को मजबूत बनाने के लिए लगातार विभिन्न सामाजिक और जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं।
अशोक भाटी ने जानकारी देते हुए बताया कि 14 मार्च 2026 को महान क्रांतिकारी और किसान नेता विजय सिंह पथिक की जयंती के उपलक्ष्य में रामलीला मैदान, ऐच्छर-बिरोंडा में एक भव्य कार्यक्रम का आयोजन किया जाएगा। उन्होंने सभी ग्रामीणों और समाज के लोगों से अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर कार्यक्रम को सफल बनाने की अपील की।
कार्यक्रम की अध्यक्षता पंडित लख्मीचंद शर्मा ने की, जबकि संचालन अरुण भाटी द्वारा किया गया। कार्यक्रम के दौरान समाज की एकता, शिक्षा और सामाजिक जागरूकता को लेकर कई महत्वपूर्ण विचार भी साझा किए गए।
इस मौके पर रतनपाल नागर, लीलू प्रधान, संजय सरपंच, किरण पाल नागर, जितेंद्र नगर, बलवा पहलवान, कमल सिंह, मुकेश कसाना, दीपक नागर, अनिल, मोहित, पवन नागर, राहुल, कपिल, सोनू और कैलाश नागर सहित अनेक गणमान्य लोग और ग्रामीण उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के अंत में सभी ग्रामवासियों ने समाज की एकता को मजबूत करने और आगामी 14 मार्च को विजय सिंह पथिक जयंती कार्यक्रम में बड़ी संख्या में शामिल होकर उसे सफल बनाने का संकल्प लिया। समारोह का समापन समाज के विकास, शिक्षा और संगठन को आगे बढ़ाने के संदेश के साथ हुआ।
