गौतमबुद्धनगर: फर्जी कॉल सेंटर का भंडाफोड़: क्रूज नौकरी के नाम पर ठगी करने वाले 4 आरोपी गिरफ्तार, लाखों की ठगी का खुलासा!!
!!वरिष्ठ संवाददाता देव गुर्जर!!
दो टूक// नोएडा। थाना सेक्टर-63, सेंट्रल नोएडा पुलिस और साइबर टीम ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए एक बड़े फर्जी कॉल सेंटर का पर्दाफाश किया है। यह गिरोह लोगों को क्रूज शिप पर नौकरी दिलाने के नाम पर ठगी कर रहा था। पुलिस ने मौके से चार आरोपियों को गिरफ्तार कर भारी मात्रा में इलेक्ट्रॉनिक उपकरण, दस्तावेज और नकदी बरामद की है।
पुलिस के अनुसार, सेक्टर-63 स्थित एच-90 में “Sea Zone Recruitment and Training” नाम से एक फर्जी कॉल सेंटर संचालित किया जा रहा था। यहां से युवाओं को क्रूज पर नौकरी दिलाने, मेडिकल फिटनेस, वर्क ऑर्डर और वीजा उपलब्ध कराने का झांसा देकर उनसे मोटी रकम वसूली जाती थी।
ऐसे करते थे ठगी
पूछताछ में सामने आया कि आरोपी सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म—फेसबुक, इंस्टाग्राम और अन्य ऐप्स के जरिए युवाओं को टारगेट करते थे। पहले आकर्षक नौकरी का लालच दिया जाता, फिर मेडिकल चेकअप के नाम पर करीब 10 हजार रुपये, ट्रेनिंग के नाम पर 45 हजार रुपये और वीजा/वर्क ऑर्डर के नाम पर 25 हजार रुपये तक वसूले जाते थे।
रकम लेने के बाद आरोपी अपने मोबाइल बंद कर देते और ऑफिस को दूसरे स्थान पर शिफ्ट कर लेते थे, जिससे पीड़ित उनसे संपर्क न कर सकें।
गिरफ्तार आरोपी
पुलिस ने इस मामले में चार आरोपियों—नितिन कुमार, सचिन कुमार, अमन कुमार और वीरेन्द्र को गिरफ्तार किया है। सभी आरोपी प्रयागराज और गाजियाबाद क्षेत्र के रहने वाले हैं और नोएडा में किराए के ठिकानों से यह फर्जी कॉल सेंटर चला रहे थे।
बरामद सामान
कार्रवाई के दौरान पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से
- 04 लैपटॉप
- 11 मोबाइल फोन
- 09 डेबिट कार्ड
- 12,000 रुपये नकद
- फर्जी ऑफर लेटर, मेडिकल दस्तावेज, कॉलिंग लिस्ट और स्क्रिप्ट
बरामद किए हैं, जिनका उपयोग लोगों को झांसे में लेने के लिए किया जाता था।
मुकदमा दर्ज
आरोपियों के खिलाफ थाना सेक्टर-63 में विभिन्न धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है, जिसमें बीएनएस की धाराएं और आईटी एक्ट की धारा 66डी शामिल हैं। पुलिस अब गिरोह से जुड़े अन्य सदस्यों और ठगी की कुल रकम का पता लगाने में जुटी है।
पुलिस की अपील
पुलिस ने आमजन से अपील की है कि नौकरी के नाम पर किसी भी अनजान संस्था या कॉल सेंटर को पैसे न दें। किसी भी ऑफर की सत्यता की जांच अवश्य करें और संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को दें !!
