गौतमबुद्धनगर: शादी का झांसा देकर शोषण, ब्लैकमेलिंग और धर्म परिवर्तन का दबाव—फेस-3 पुलिस ने वांछित आरोपी को किया गिरफ्तार!!
!!वरिष्ठ संवाददाता देव गुर्जर!!
दो टूक// गौतमबुद्धनगर | नोएडा थाना फेस-3 पुलिस ने एक गंभीर आपराधिक मामले में वांछित चल रहे अभियुक्त को गिरफ्तार कर महत्वपूर्ण सफलता हासिल की है। आरोपी पर शादी का झांसा देकर युवती के साथ शारीरिक शोषण करने, अश्लील वीडियो बनाकर ब्लैकमेल करने, पैसे और जेवर हड़पने तथा धर्म परिवर्तन के लिए दबाव बनाने जैसे गंभीर आरोप लगे हैं।
क्या है पूरा मामला?
प्राप्त जानकारी के अनुसार, दिनांक 17 मार्च 2026 को पीड़िता द्वारा थाना फेस-3 में तहरीर देकर शिकायत दर्ज कराई गई थी। शिकायत में बताया गया कि आरोपी विकास कुमार उर्फ मोहम्मद रमीज (पुत्र मोहम्मद शब्बीर), निवासी ताज कॉलोनी, थाना कोतवाली छतरपुर (जनपद छतरपुर) ने शादी का झांसा देकर उसके साथ शारीरिक संबंध बनाए।
इसके बाद आरोपी ने कथित रूप से पीड़िता का अश्लील वीडियो बनाकर उसे वायरल करने की धमकी दी और ब्लैकमेल करते हुए उससे पैसे व जेवर हड़प लिए। इतना ही नहीं, आरोपी द्वारा जान से मारने की धमकी देने और धर्म परिवर्तन के लिए दबाव बनाने का भी आरोप लगाया गया है।
पीड़िता की शिकायत के आधार पर थाना फेस-3 में संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया था, जिसके बाद से आरोपी फरार चल रहा था।
पुलिस की कार्रवाई
थाना फेस-3 पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए सक्रियता दिखाई और इलेक्ट्रॉनिक सर्विलांस की मदद से आरोपी की लोकेशन ट्रेस की।
दिनांक 19 मार्च 2026 को पुलिस टीम ने कार्रवाई करते हुए आरोपी को थाना कोतवाली छतरपुर क्षेत्र से गिरफ्तार कर लिया।
अभियुक्त का विवरण
गिरफ्तार आरोपी की पहचान विकास कुमार उर्फ मोहम्मद रमीज (उम्र 26 वर्ष) के रूप में हुई है, जो 10वीं पास बताया जा रहा है।
दर्ज धाराएं
आरोपी के विरुद्ध मु0अ0सं0 111/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता (BNS) की विभिन्न धाराओं के साथ-साथ एससी/एसटी एक्ट, आईटी एक्ट एवं उत्तर प्रदेश विधि विरुद्ध धर्म परिवर्तन प्रतिषेध (संशोधन) अधिनियम-2024 के तहत मामला दर्ज है।
आगे की कार्रवाई
पुलिस द्वारा आरोपी के विरुद्ध विधिक कार्रवाई की जा रही है। साथ ही मामले से जुड़े अन्य तथ्यों की भी जांच जारी है !!
