मंगलवार, 17 मार्च 2026

गौतमबुद्धनगर: ग्रेटर नोएडा में पहली बार “आओ बचपन मनाएं” उत्सव: खेल-खेल में सीखने का अनोखा संदेश, 300 से अधिक लोगों की सहभागिता!!

शेयर करें:

गौतमबुद्धनगर: ग्रेटर नोएडा में पहली बार “आओ बचपन मनाएं” उत्सव: खेल-खेल में सीखने का अनोखा संदेश, 300 से अधिक लोगों की सहभागिता!!

 !!वरिष्ठ संवाददाता देव गुर्जर!!

गौतम बुद्ध नगर, 17 मार्च 2026।
दो टूक//ग्रेटर नोएडा के गाँव पचायतन में बच्चों के बचपन और प्रारंभिक शिक्षा को समर्पित एक अनूठे कार्यक्रम “आओ बचपन मनाएं” प्रारंभिक शिक्षण उत्सव का भव्य आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम में 300 से अधिक लोगों ने भाग लेकर इसे यादगार बना दिया। प्रतिभागियों में छोटे बच्चे, अभिभावक, शिक्षक, प्रधानाचार्य, आंगनवाड़ी कार्यकर्ता, सहायिकाएं, सुपरवाइज़र, ICDS विभाग के अधिकारी तथा बाल विकास परियोजना अधिकारी (CDPO) संध्या सोनी प्रमुख रूप से मौजूद रहीं।

यह आयोजन LECIN द्वारा “बचपन मनाओ” (एकस्टेप फाउंडेशन की पहल) के सहयोग से किया गया, जिसका मुख्य उद्देश्य समाज को यह समझाना था कि बच्चे खेल और अनुभवों के माध्यम से किस प्रकार सहज रूप से सीखते हैं और उनके बचपन को कैसे सार्थक बनाया जा सकता है।

कार्यक्रम की शुरुआत बच्चों के उत्साहपूर्ण स्वागत गोले और आकर्षक फ्लैश मॉब से हुई, जिसने सभी उपस्थित लोगों का मन मोह लिया। इसके बाद पचायतन आंगनवाड़ी की कार्यकर्ता निर्मला जी ने अतिथियों का स्वागत किया। उत्सव में विभिन्न “सीखने और खेलने के कोने” बनाए गए थे, जहां बच्चों और अभिभावकों ने मिलकर अनेक गतिविधियों में हिस्सा लिया।

इन गतिविधियों में पारंपरिक खिलौना निर्माण, मिट्टी से आकृतियां बनाना, कहानी पाठ, बच्चों द्वारा कहानी सुनाना, मुक्त खेल, शारीरिक खेल और कल्पनात्मक खेल शामिल रहे। बच्चों ने अपनी पसंदीदा कहानी “बैंगनी जोजो” सुनाकर सभी का दिल जीत लिया।

कार्यक्रम की खास झलक तब देखने को मिली जब गांव के लोगों ने पारंपरिक गीत-संगीत और वाद्ययंत्रों के साथ सामूहिक प्रस्तुति दी। इससे पूरा वातावरण उत्सवमय और जीवंत हो उठा।

उत्सव के दौरान आंगनवाड़ी के बच्चों के सीखने के पोर्टफोलियो भी प्रदर्शित किए गए, जिनमें यह दर्शाया गया कि बच्चे खेल-आधारित गतिविधियों के जरिए संख्याएं, शब्द, पढ़ना और लिखना जैसी बुनियादी क्षमताएं कैसे विकसित कर रहे हैं।

गौरतलब है कि गौतम बुद्ध नगर में इस तरह का प्रारंभिक शिक्षण उत्सव पहली बार आयोजित किया गया, जिसमें समुदाय और शिक्षकों की इतनी बड़ी भागीदारी देखने को मिली। LECIN वर्ष 2023 से पचायतन, कासना, खानपुर, सिरसा, लढ़पुरा और आज़मपुर गढ़ी के आंगनवाड़ी केंद्रों में बच्चों की स्कूल तैयारी को लेकर कार्य कर रहा है और यह उत्सव उसी प्रयास का जीवंत उदाहरण रहा।

आने वाले शैक्षणिक सत्र में पचायतन स्कूल में कक्षा-01 के लिए एक पायलट प्रोग्राम शुरू करने की योजना भी बनाई गई है, जिसका उद्देश्य बच्चों की मजबूत शैक्षणिक नींव तैयार करना और प्रारंभिक शिक्षा में सकारात्मक बदलाव लाना है।।