गोण्डा- जनपद में महिला सशक्तिकरण एवं स्वावलंबन को बढ़ावा देने के उद्देश्य से उप्र राज्य ग्रामीण आजीविका मिशन (एनआरएलएम) गोण्डा द्वारा वेंकटाचार्य क्लब परिसर में स्वयं सहायता समूहों की महिलाओं द्वारा निर्मित उत्पादों की प्रदर्शनी एवं बिक्री कार्यक्रम का आयोजन किया गया।
इस अवसर पर मण्डलीय आकांक्षा समिति की अध्यक्ष श्रीमती गरिमा भूषण ने मुख्य अतिथि के रूप में प्रतिभाग करते हुए प्रदर्शनी में लगाए गए विभिन्न स्टालों का अवलोकन किया। साथी सभी अधिकारियों ने उत्पादों की खरीदारी भी की।
अतिथियों ने स्वयं सहायता समूह की महिलाओं द्वारा तैयार किए गए विभिन्न उत्पादों का अवलोकन किया तथा उनके कार्यों की सराहना करते हुए उन्हें आगे बढ़ने के लिए प्रोत्साहित किया।
प्रदर्शनी में महिलाओं द्वारा तैयार किए गए हस्तशिल्प, सिलाई-कढ़ाई के वस्त्र, घरेलू उपयोग की वस्तुएं, खाद्य सामग्री, सजावटी उत्पाद एवं अन्य स्थानीय उत्पादों को आकर्षक ढंग से प्रदर्शित किया गया था। कार्यक्रम के दौरान उपस्थित अतिथियों ने महिलाओं से संवाद कर उनके कार्यों, उत्पाद निर्माण की प्रक्रिया तथा विपणन से संबंधित अनुभवों की जानकारी प्राप्त की।
मण्डलीय आकांक्षा समिति की अध्यक्ष ने कहा कि स्वयं सहायता समूह ग्रामीण महिलाओं को आर्थिक रूप से सशक्त बनाने का एक प्रभावी माध्यम है। इस प्रकार के आयोजनों से महिलाओं को अपने उत्पादों को बाजार उपलब्ध कराने का अवसर मिलता है, जिससे उनकी आय में वृद्धि होती है और आत्मनिर्भरता को बढ़ावा मिलता है।
जिलाधिकारी प्रियंका निरंजन ने कहा कि जनपद में स्वयं सहायता समूहों की महिलाएं विभिन्न प्रकार के गुणवत्तापूर्ण उत्पाद तैयार कर रही हैं। प्रशासन का प्रयास है कि इन उत्पादों को व्यापक बाजार उपलब्ध कराया जाए, जिससे महिलाओं की आय बढ़े और उनका आर्थिक एवं सामाजिक सशक्तिकरण हो सके।
मुख्य विकास अधिकारी अंकिता जैन ने भी समूह की महिलाओं की सराहना करते हुए कहा कि आज ग्रामीण महिलाएं स्वरोजगार के माध्यम से आत्मनिर्भर बन रही हैं और समाज में एक सकारात्मक परिवर्तन ला रही हैं।
कार्यक्रम के अंत में अधिकारियों ने सभी स्टालों का निरीक्षण कर महिलाओं का उत्साहवर्धन किया तथा भविष्य में भी इस प्रकार के आयोजनों को बढ़ावा देने की बात कही।
