14 मार्च को गौतमबुद्धनगर में लगेगी राष्ट्रीय लोक अदालत, सुलह-समझौते से हजारों मामलों के निस्तारण का अवसर!!
!!वरिष्ठ संवाददाता देव गुर्जर!!
दो टूक// गौतमबुद्धनगर,
माननीय न्यायालय गौतमबुद्धनगर द्वारा आगामी 14 मार्च 2026 को राष्ट्रीय लोक अदालत का आयोजन किया जाएगा। यह लोक अदालत जनपद के सूरजपुर स्थित न्यायालय परिसर में आयोजित होगी, जहां विभिन्न प्रकार के लंबित वादों और प्री-लिटीगेशन मामलों का त्वरित और आपसी सुलह-समझौते के आधार पर निस्तारण किया जाएगा।
राष्ट्रीय लोक अदालत के माध्यम से आम नागरिकों को अपने विवादों का सरल, त्वरित और कम खर्च में समाधान प्राप्त करने का अवसर मिलेगा। इस दौरान विशेष रूप से सेवा संबंधी मामले, आपराधिक शमनीय वाद, पारिवारिक विवाद, मोटरयान दुर्घटना अधिनियम से संबंधित मामले, बिजली व पानी के बिल संबंधी विवाद, धारा 138 एन.आई. एक्ट के मामले, भू-राजस्व वाद तथा अन्य ऐसे मामले जिनका निस्तारण आपसी समझौते के आधार पर संभव है, उन्हें प्राथमिकता के साथ सुना जाएगा।
लोक अदालत में ऐसे प्री-लिटीगेशन मामले भी शामिल किए जाएंगे, जो अभी न्यायालय में विचाराधीन नहीं हैं, लेकिन जिनका समाधान दोनों पक्षों की सहमति से कराया जा सकता है। इसके माध्यम से न केवल न्यायालयों में लंबित मामलों का बोझ कम होगा, बल्कि पक्षकारों को भी जल्द न्याय मिलने में सुविधा होगी।
पुलिस कमिश्नरेट गौतमबुद्धनगर के मीडिया सेल द्वारा नागरिकों से अपील की गई है कि यदि उनके किसी भी प्रकार के उपरोक्त श्रेणी के मामले लंबित हैं या आपसी समझौते से निस्तारण योग्य हैं, तो वे 14 मार्च 2026 को आयोजित राष्ट्रीय लोक अदालत में उपस्थित होकर अपने मामलों का त्वरित समाधान प्राप्त करें।
प्रशासन का मानना है कि लोक अदालत के माध्यम से आपसी सहमति और सद्भावना के आधार पर विवादों का समाधान कर समाज में सौहार्द और न्याय व्यवस्था को मजबूत किया जा सकता है।।
