गौतमबुद्धनगर: सेक्टर-122 में ‘गौग्रास सेवा’ का भव्य शुभारंभ, हर घर से पहली रोटी अब गौसेवा के लिए समर्पित!!
!!वरिष्ठ संवाददाता देव गुर्जर!!
दो टूक//नोएडा के सेक्टर-122 में आज सामाजिक सेवा और आस्था का अनूठा संगम देखने को मिला, जहां पूरे विधि-विधान के साथ ‘गौग्रास सेवा’ का शुभारंभ किया गया। इस पहल का नेतृत्व आरडब्ल्यूए अध्यक्ष श्री शिवकुमार तिवारी एवं सेक्टर के अन्य गणमान्य नागरिकों ने किया।
इस सेवा के अंतर्गत सेक्टर के चारों ब्लॉकों की हर गली और प्रत्येक घर से सुबह बनने वाली पहली रोटी, जिसे परंपरागत रूप से गाय के लिए निकाला जाता है, अब संगठित रूप से एकत्रित की जाएगी। खास बात यह है कि संध्या समय सेक्टर-94 स्थित गौशाला से वाहन आकर इन रोटियों को संग्रहित करेगा और उन्हें गौशाला तक पहुंचाया जाएगा, जिससे नियमित रूप से गौसेवा सुनिश्चित हो सके।
इस पहल को लेकर पूरे सेक्टर में उत्साह और सकारात्मक माहौल देखने को मिला। सेक्टरवासियों ने इसे न केवल धार्मिक भावना से जोड़ा, बल्कि इसे सामाजिक एकता और सहयोग का प्रतीक भी बताया। लोगों ने खुले दिल से इस अभियान का स्वागत करते हुए इसे निरंतर आगे बढ़ाने का संकल्प लिया।
कार्यक्रम के दौरान बड़ी संख्या में गणमान्य नागरिकों की उपस्थिति रही। इसमें आरडब्ल्यूए अध्यक्ष श्री शिवकुमार तिवारी के साथ श्री डी.पी. सिंह, श्री दिनेश शर्मा, श्री एल.आर. गुप्ता, श्री शंकरलाल कालरा, श्री गजराज शर्मा, श्री विकास जी सहित अनेक प्रमुख लोग शामिल रहे। इसके अलावा सेक्टर के अन्य सम्मानित नागरिकों में श्री एस.आर. यादव, श्री अरुण गर्ग, श्री आर.बी. प्रसाद, श्री सचिन राणा, श्री अनिल शर्मा, श्री किरणपाल मुखिया, श्री नरेश बंसल, श्री आदित्य त्यागी, श्री पी.एस. नेगी, श्री योगेश चौधरी, श्रीमती शशी गुप्ता, श्रीमती रश्मि जी, श्रीमती सीमा गर्ग, श्रीमती अपर्णा अग्रवाल, श्रीमती किरण सिंह एवं श्रीमती सरोज बाला जी सहित सैकड़ों निवासी विशेष रूप से उपस्थित रहे।
इस अवसर पर वक्ताओं ने कहा कि ‘गौग्रास सेवा’ केवल धार्मिक परंपरा नहीं, बल्कि समाज में संवेदनशीलता, सेवा और सहयोग की भावना को मजबूत करने का एक प्रभावी माध्यम है। यह पहल न केवल गौसेवा को बढ़ावा देगी, बल्कि लोगों को एक-दूसरे के करीब लाकर सामाजिक समरसता को भी सुदृढ़ करेगी।
कुल मिलाकर, सेक्टर-122 की यह पहल समाज के लिए एक प्रेरणादायक उदाहरण बनकर उभरी है, जो सेवा और संस्कार की भावना को नई दिशा देने का कार्य करेगी।
