गोण्डा- नवाबगंज पुलिस ने अवैध शराब के कारोबार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर चलाए जा रहे अभियान के तहत थाना नवाबगंज की संयुक्त टीम ने दत्तनगर क्षेत्र से अमित सिंह, संचित सिंह और श्रीराम यादव को रंगे हाथों पकड़ा। पुलिस ने इनके कब्जे से 1326 प्लास्टिक की पन्नियों में भरी करीब 1000 लीटर अवैध कच्ची शराब और भारी मात्रा में शराब बनाने के उपकरण बरामद किए हैं। छापेमारी के दौरान मौके पर मौजूद लगभग 8000 लीटर लहन को पुलिस टीम ने नष्ट किया। बरामद सामान में 41 प्लास्टिक के ड्रम, जस्ते के पतीले, लोहे की भट्ठियां और एक मोटरसाइकिल (UP43L2830) भी शामिल है। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ आबकारी अधिनियम की सुसंगत धाराओं में मुकदमा दर्ज कर वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी है।