मंगलवार, 17 फ़रवरी 2026

गौतमबुद्धनगर: Supertech EcoVillage-1 में बड़ा लिफ्ट हादसा: 13वीं से 7वीं मंजिल तक गिरी लिफ्ट, 65 वर्षीय महिला के पैर में चार फ्रैक्चर!!

शेयर करें:

गौतमबुद्धनगर: Supertech EcoVillage-1 में बड़ा लिफ्ट हादसा: 13वीं से 7वीं मंजिल तक गिरी लिफ्ट, 65 वर्षीय महिला के पैर में चार फ्रैक्चर!!

!!वरिष्ठ संवाददाता देव गुर्जर!!

ग्रेटर नोएडा वेस्ट | बिसरख थाना क्षेत्र के अंतर्गत

दो टूक// नोएडा और ग्रेटर नोएडा की हाईराइज सोसाइटियों में लगातार सामने आ रहे लिफ्ट हादसों के बीच सोमवार शाम एक और गंभीर घटना ने सुरक्षा व्यवस्थाओं पर सवाल खड़े कर दिए। ग्रेटर नोएडा वेस्ट स्थित सुपरटेक इकोविलेज-1 सोसाइटी में लिफ्ट फ्री-फॉल होने से 65 वर्षीय महिला गंभीर रूप से घायल हो गईं। उनके पैर में चार जगह फ्रैक्चर आया है और उन्हें निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

कैसे हुआ हादसा?

जानकारी के अनुसार, G-7 टावर की निवासी रीना प्रसाद (65 वर्ष) सोमवार शाम करीब 5 बजे अपनी नातिन को ट्यूशन से लेने के लिए F-5 टावर के फ्लैट नंबर 1701 पर गई थीं। वापस लौटते समय वह अपने दो नाती-नातिन के साथ लिफ्ट से नीचे आ रही थीं।

इसी दौरान अचानक बिजली गुल हो गई और तकनीकी खराबी के चलते लिफ्ट तेज झटके के साथ नीचे आ गिरी। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक लिफ्ट 13वीं मंजिल से सीधे 7वीं मंजिल तक आकर जोरदार झटके के साथ रुकी। भारी झटके के कारण रीना प्रसाद के पैर में चार जगह फ्रैक्चर हो गया, जबकि उनके साथ मौजूद बच्चे सुरक्षित बच गए। घायल महिला का अस्पताल में इलाज जारी है।

मेंटेनेंस और सुरक्षा पर उठे सवाल

इकोविलेज-1 में 52 टावर और करीब 97 लिफ्ट संचालित हैं। इतनी बड़ी सोसाइटी में बार-बार लिफ्ट से जुड़ी घटनाएं सामने आने से मेंटेनेंस व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े हो रहे हैं। स्थानीय निवासियों का आरोप है कि हादसे के बाद मौके पर तुरंत व्हीलचेयर तक उपलब्ध नहीं कराई गई, जिससे घायल महिला को अतिरिक्त परेशानी उठानी पड़ी।

पुलिस से संपर्क की कोशिश

मामला बिसरख थाना क्षेत्र के अंतर्गत का है। घटना के संबंध में अधिक जानकारी लेने के लिए जब थाना बिसरख के एसएचओ से संपर्क करने का प्रयास किया गया तो फोन मिलाने के बावजूद उन्होंने कॉल रिसीव नहीं की और कॉल काट दी। इस कारण पुलिस का आधिकारिक पक्ष सामने नहीं आ सका।

घटना के बावजूद देर रात तक पुलिस में कोई औपचारिक शिकायत दर्ज नहीं कराई गई थी।

स्थानीय निवासियों में घटना को लेकर आक्रोश और भय का माहौल है। लोगों का कहना है कि यदि लिफ्टों की नियमित तकनीकी जांच और सख्त निगरानी नहीं की गई तो भविष्य में और भी बड़े हादसे हो सकते हैं।।