गौतमबुद्धनगर: ग्रेटर नोएडा में सनसनीखेज लूट: रैपिडो चालक पर चाकू से हमला, बाइक और मोबाइल लूटकर बदमाश फरार!!
दो टूक// ग्रेटर नोएडा। थाना बिसरख क्षेत्र में बीती रात एक सनसनीखेज लूट की वारदात सामने आई है। निराला सोसाइटी के पास अज्ञात बदमाशों ने एक रैपिडो चालक पर चाकू से हमला कर उसकी बाइक और मोबाइल फोन लूट लिया। गंभीर रूप से घायल चालक को तत्काल अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां से उसे बेहतर उपचार के लिए मेरठ रेफर किया गया है। उसकी हालत नाजुक बताई जा रही है।
कैसे हुई वारदात
पुलिस के अनुसार दिनांक 14/15 फरवरी 2026 की रात थाना बिसरख क्षेत्र में बाइक रैपिडो चलाने वाला एक व्यक्ति गैलेक्सी चौराहा से लाल कुआं की ओर जा रहा था। इसी दौरान जेएम इंटरनेशनल स्कूल के पास कुछ अज्ञात बदमाशों ने उसे रोक लिया। विरोध करने पर आरोपियों ने चालक पर चाकू से हमला कर दिया और उसकी मोटरसाइकिल व मोबाइल फोन छीनकर मौके से फरार हो गए।
घटना के बाद आसपास के लोगों में दहशत फैल गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायल को उपचार के लिए भेजा।
पुलिस की कार्रवाई
थाना बिसरख पुलिस ने मामले में अभियोग पंजीकृत कर लिया है। पुलिस अधिकारियों के मुताबिक आरोपियों की तलाश के लिए टीम गठित कर दी गई है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है और सभी संभावित पहलुओं पर गहनता से जांच की जा रही है।
बढ़ते अपराधों से लोगों में आक्रोश
स्थानीय लोगों का कहना है कि क्षेत्र में आपराधिक घटनाएं लगातार बढ़ रही हैं, जिससे आमजन में भय का माहौल है। लोगों ने पुलिस गश्त बढ़ाने और अपराधियों की शीघ्र गिरफ्तारी की मांग की है। क्षेत्रवासियों का आरोप है कि थाना स्तर पर सख्ती की कमी के कारण बदमाशों के हौसले बुलंद हैं।
फिलहाल पुलिस का दावा है कि जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर घटना का खुलासा किया जाएगा। इलाके में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सवाल खड़े हो रहे हैं और प्रशासन की कार्यशैली पर भी चर्चा तेज हो गई है।।
