गौतमबुद्धनगर: सेक्टर-128 शाहपुर गोवर्धनपुर में श्रद्धांजलि एवं शांति पाठ कार्यक्रम आयोजित, श्रीमती गेंदा देवी को नम आंखों से दी श्रद्धासुमन अर्पित!!
दो टूक// नोएडा। सेक्टर-128 स्थित शाहपुर गोवर्धनपुर गांव निवासी स्वर्गीय किशन लाल चौहान जी की धर्मपत्नी श्रीमती गेंदा देवी जी के निधन उपरांत आयोजित श्रद्धांजलि एवं शांति पाठ कार्यक्रम में शुक्रवार को बड़ी संख्या में क्षेत्रीय गणमान्य लोग, किसान नेता एवं पत्रकार समाज के प्रतिनिधि पहुंचे और उनकी तस्वीर पर पुष्प अर्पित कर भावभीनी श्रद्धांजलि दी। उनका स्वर्गवास 1 फरवरी 2026 को हुआ था, जिससे गांव एवं क्षेत्र में शोक की लहर व्याप्त है।
श्रद्धांजलि सभा के दौरान उपस्थित लोगों ने दिवंगत आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की तथा शोक संतप्त परिवार को सांत्वना दी। पूरे कार्यक्रम में श्रद्धा, संवेदना और गंभीरता का वातावरण बना रहा।
देव गुर्जर की गरिमामयी उपस्थिति
कार्यक्रम में वरिष्ठ पत्रकार एवं दो टूक मीडिया के संपादक देव गुर्जर की उपस्थिति विशेष रूप से उल्लेखनीय रही। निष्पक्ष, निर्भीक और जनहितैषी पत्रकारिता के लिए प्रसिद्ध देव गुर्जर लंबे समय से सामाजिक सरोकारों से जुड़े विषयों को प्रमुखता से उठाते रहे हैं। उन्होंने परिवारजनों से मिलकर गहरी संवेदना व्यक्त की और कहा कि माता गेंदा देवी का स्नेहिल स्वभाव, संस्कारित जीवन और पारिवारिक मूल्यों के प्रति समर्पण सदैव सभी के लिए प्रेरणा बना रहेगा। उन्होंने ईश्वर से दिवंगत आत्मा की शांति और परिवार को इस दुख की घड़ी में धैर्य प्रदान करने की प्रार्थना की।
किसान नेताओं ने दी श्रद्धांजलि
वरिष्ठ किसान नेता रविंद्र भगत जी ने कहा कि गेंदा देवी जी ने अपने जीवन में सादगी, सेवा और संस्कारों को सर्वोपरि रखा। उनका जीवन समाज के लिए प्रेरणादायक रहा।
वरिष्ठ किसान नेता सचिन अवाना ने श्रद्धासुमन अर्पित करते हुए कहा कि गांव की मातृशक्ति के रूप में उन्होंने सभी का स्नेह और सम्मान प्राप्त किया।
कद्दावर किसान नेता संचित चौहान ने भी शोक व्यक्त करते हुए कहा कि उनका आशीर्वाद सदैव परिवार और समाज पर बना रहेगा। किसान नेता सचिन चपराना, नवीन अवाना नेताजी सहित अन्य लोगों ने भी अपनी संवेदनाएं प्रकट कीं।
शोक संतप्त परिवार को दी सांत्वना
इस अवसर पर उनके पुत्र राजकुमार चौहान, पौत्र सागर चौहान एवं सागर चौहान के परम मित्र शंकर चौहान सहित समस्त परिवारजन उपस्थित रहे। उपस्थित लोगों ने परिवार को ढांढस बंधाते हुए कहा कि यह अपूरणीय क्षति है, लेकिन पूरा समाज इस दुख की घड़ी में उनके साथ खड़ा है।
कार्यक्रम के अंत में सभी ने दो मिनट का मौन रखकर दिवंगत आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की। श्रद्धांजलि एवं शांति पाठ कार्यक्रम शांतिपूर्ण और भावपूर्ण वातावरण में संपन्न हुआ।।
