गुरुवार, 12 फ़रवरी 2026

गौतमबुद्धनगर: नोएडा में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने विवाह समारोह में की शिरकत, नवदंपति को दिया आशीर्वाद और ओडीओपी उपहार!!

शेयर करें:

गौतमबुद्धनगर: नोएडा में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने विवाह समारोह में की शिरकत, नवदंपति को दिया आशीर्वाद और ओडीओपी उपहार!!

 !!वरिष्ठ संवाददाता देव गुर्जर!!

दो टूक// नोएडा। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने नोएडा प्रवास के दौरान महायोगी गोरखनाथ विश्वविद्यालय (गोरखपुर) के कुलपति डॉ. सुरेन्द्र सिंह की पुत्री के विवाह समारोह में शिरकत कर नवदंपति को आशीर्वाद प्रदान किया। मुख्यमंत्री ने उनके आवास पर पहुंचकर वर-वधू को सुखमय एवं समृद्ध दांपत्य जीवन की शुभकामनाएं दीं।

समारोह के दौरान मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने नवविवाहित जोड़े को विशेष रूप से वन डिस्ट्रिक्ट वन प्रोडक्ट (ODOP) योजना के अंतर्गत तैयार उत्पाद उपहार स्वरूप भेंट किए। इस पहल के माध्यम से उन्होंने प्रदेश के पारंपरिक एवं स्थानीय उत्पादों को प्रोत्साहित करने का संदेश भी दिया।

ओडीओपी से जुड़ा आत्मनिर्भरता का संदेश

मुख्यमंत्री द्वारा ओडीओपी उत्पाद भेंट करना केवल औपचारिकता नहीं, बल्कि प्रदेश के कारीगरों, लघु उद्योगों और स्थानीय उत्पादों को बढ़ावा देने की प्रतिबद्धता का प्रतीक माना जा रहा है। ओडीओपी योजना के तहत प्रदेश के प्रत्येक जिले के विशिष्ट उत्पाद को राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पहचान दिलाने का प्रयास किया जा रहा है।

गरिमामय माहौल में संपन्न हुआ कार्यक्रम

विवाह समारोह गरिमामय वातावरण में संपन्न हुआ, जिसमें विभिन्न गणमान्य व्यक्तियों की उपस्थिति रही। मुख्यमंत्री के आगमन को लेकर सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए थे।

मुख्यमंत्री ने नवदंपति के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए कहा कि वैवाहिक जीवन परस्पर सम्मान, विश्वास और सहयोग की नींव पर आधारित होना चाहिए।

यह अवसर सामाजिक सौहार्द और पारिवारिक मूल्यों के साथ-साथ प्रदेश की विकास योजनाओं के प्रति प्रतिबद्धता का भी प्रतीक बना।।