PM Surya Ghar: Muft Bijli Yojana : एक करोड़ घरों की छतों पर सोलर पैनल लगाने का लक्ष्य, 300 यूनिट मुफ्त बिजली और ₹78 हजार तक सब्सिडी!!
दो टूक// गौतमबुद्धनगर, 20 फरवरी 2026।
प्रदेश में सौर ऊर्जा को बढ़ावा देने और आम उपभोक्ताओं को बिजली खर्च से राहत दिलाने के उद्देश्य से केंद्र एवं राज्य सरकार की महत्वाकांक्षी योजना पीएम सूर्यघर: मुफ्त बिजली योजना तेजी से आगे बढ़ रही है। योजना के तहत देशभर में एक करोड़ घरों की छतों पर सोलर पैनल स्थापित करने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है, जिससे उपभोक्ताओं को प्रतिमाह 300 यूनिट तक मुफ्त बिजली उपलब्ध कराई जा सके।
पिछड़ा वर्ग कल्याण अधिकारी/परियोजना अधिकारी यूपीनेडा, गौतमबुद्धनगर लवेश कुमार सिसोदिया ने जानकारी देते हुए बताया कि उत्तर प्रदेश नवीन एवं नवीकरणीय ऊर्जा विकास अभिकरण (यूपीनेडा) द्वारा इस योजना का प्रभावी क्रियान्वयन किया जा रहा है। योजना का उद्देश्य केवल मुफ्त बिजली उपलब्ध कराना ही नहीं, बल्कि आमजन को ऊर्जा आत्मनिर्भर बनाना भी है। सोलर संयंत्र के माध्यम से अतिरिक्त विद्युत उत्पादन कर उपभोक्ता उसे ग्रिड में बेचकर अतिरिक्त आय भी अर्जित कर सकते हैं।
₹78,000 तक सीधी सब्सिडी का लाभ
योजना के अंतर्गत पात्र उपभोक्ताओं को सोलर संयंत्र स्थापना पर अधिकतम ₹78,000 तक की सब्सिडी सीधे उनके बैंक खाते में डीबीटी के माध्यम से प्रदान की जा रही है।
- 01 किलोवाट क्षमता पर ₹30,000
- 02 किलोवाट क्षमता पर ₹60,000
- 03 किलोवाट क्षमता पर ₹78,000 तक सब्सिडी अनुमन्य है।
इससे मध्यम वर्गीय परिवारों को सौर ऊर्जा अपनाने में आर्थिक सहायता मिल रही है और बिजली बिल में उल्लेखनीय कमी आ रही है।
सरल और पारदर्शी ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया
इच्छुक उपभोक्ता योजना की आधिकारिक वेबसाइट https://pmsuryaghar.gov.in पर ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं।
आवेदन प्रक्रिया पूरी तरह डिजिटल और पारदर्शी है—
- पोर्टल पर पंजीकरण कर आवेदन भरना।
- संबंधित डिस्कॉम से अनुमोदन प्राप्त करना।
- अनुमोदन के बाद सोलर पैनल स्थापित कराना।
- नेट मीटर विवरण एवं बैंक खाते की जानकारी पोर्टल पर अपलोड करना।
- सत्यापन उपरांत सब्सिडी राशि सीधे बैंक खाते में हस्तांतरित।
बिना गारंटी ऋण सुविधा भी उपलब्ध
योजना के अंतर्गत 03 किलोवाट तक के सोलर संयंत्र के लिए लगभग 7 प्रतिशत ब्याज दर पर कोलेटरल-फ्री (बिना गारंटी) ऋण सुविधा भी उपलब्ध है। इससे आम नागरिक बिना आर्थिक दबाव के सौर ऊर्जा संयंत्र स्थापित कर सकते हैं।
पात्रता एवं आवश्यक दस्तावेज
योजना का लाभ लेने के लिए आवेदक का भारतीय नागरिक होना आवश्यक है। उसके पास वैध बिजली कनेक्शन होना चाहिए तथा घर की छत सोलर पैनल स्थापना के लिए उपयुक्त हो। साथ ही, आवेदक ने पूर्व में किसी अन्य सोलर सब्सिडी योजना का लाभ न लिया हो।
आवश्यक दस्तावेजों में आधार कार्ड, नवीनतम बिजली बिल, बैंक पासबुक (खाता विवरण हेतु), मोबाइल नंबर एवं ई-मेल आईडी शामिल हैं।
स्थानीय स्तर पर संपर्क सुविधा
विस्तृत जानकारी एवं मार्गदर्शन के लिए इच्छुक व्यक्ति कार्यालय परियोजना अधिकारी, यूपीनेडा, कक्ष संख्या-111, विकास भवन, सूरजपुर, ग्रेटर नोएडा, जनपद गौतमबुद्धनगर में किसी भी कार्यदिवस में संपर्क कर सकते हैं।
ऊर्जा आत्मनिर्भरता की दिशा में यह योजना एक बड़ा कदम मानी जा रही है। यदि लक्ष्य के अनुरूप एक करोड़ घरों की छतों पर सोलर पैनल स्थापित होते हैं, तो इससे न केवल उपभोक्ताओं को आर्थिक लाभ मिलेगा, बल्कि पर्यावरण संरक्षण और स्वच्छ ऊर्जा को भी व्यापक बढ़ावा मिलेगा।।
